पटना. सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को दो विदेशी संस्थानों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। आमंत्रण देने वालों में मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) और हार्वर्ड विश्वविद्यालय शामिल हैं। दोनों संस्थानों में आनंद का व्याख्यान एक दिन के अंतराल पर है।
वे 30 सितंबर को एमआईटी मीडिया लैब के अंतर्विषयक अनुसंधान प्रयोगशाला में व्याख्यान देंगे, जबकि एक अक्टूबर को हार्वर्ड में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा नीति कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम वैश्विक सामाजिक न्याय को प्रभावशाली नेतृत्व देता है और पूरी दुनिया में स्थाई शिक्षा सुधार को प्रोत्साहित करता है।
व्याख्यान देने के लिए आनंद न्यूयार्क पहुंच चुके हैं। न्यूजवीक व टाइम में जगह पा चुके हैं आनंद
न्यूजवीक और टाइम जैसी मैगजीन में जगह पा चुके अानंद ने बताया कि दुनिया के प्रमुख संस्थानों में बोलने और अपने अनुभवों को बांटने का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि समावेशी शिक्षा का मनोवैज्ञानिक और सामाजिक बदलाव के लिए शक्तिशाली अस्त्र के रूप में प्रयोग किया जा सकता है।
इससे दुनिया को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में सुपर 30 सुविधाहीन वर्ग के विद्यार्थियों को सही अवसर दिला पाने की एक पहल भर थी, लेकिन इसका परिणाम आश्चर्यजनक रहा है। विश्व स्तर पर शिक्षा में सुधार के लिए व्यापक योजना बनानी होगी।
यहां भी दिए हैं व्याख्यान
अभी तक आनंद कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय, जापान के टोकियो विवि, दुबई और कतर के एजुकेशन विद बॉर्डर्ड के अलावा आईआईटी व आईआईएम में भी व्याख्यान दे चुके हैं। आनंद ने दो बार द मैथेमेटिकल एसोसिएशन ऑफ अमेरिका द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को भी संबोधित किया है।