पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. पीएमसीएच में बुधवार को स्पेशलिस्ट क्लीनिक के बाद सुपर स्पेशलिस्ट क्लीनिक की सुविधा शुरू हो गई। इस सुपर स्पेशलिस्ट क्लीनिक का नाम है पिगमेंट्री डिसऑर्डर क्लीनिक। यानी शरीर का कोई अंग बदरंग हो गया है तो उसका इलाज यहां हो सकेगा। इसकी सुविधा सप्ताह में सिर्फ बुधवार को मिलेगी।
कई मरीजों का हुआ इलाज
इसमें अस्पताल के अधीक्षक और चर्म और यौन रोग विशेषज्ञ डॉ.अमरकांत झा अमर अपनी सेवा देंगे। डॉ. झा ने बुधवार से सेवा देनी शुरू कर दी है। इस सुपरस्पेशलिस्ट क्लीनिक चेहरे और शरीर के विभिन्न अंगों के दाग से परेशान मरीज आए थे। पहले दिन आने वाले मरीजों में हर वर्ग के लोग थे। अधिकतर युवती और महिलाएं भी थीं। इस क्लीनिक की सेवा लेने के लिए एक डॉक्टर भी पहुंचे थे।
लेजर मशीन से इलाज
डॉ. झा ने बताया कि इस क्लीनिक में सिर्फ दाग से संबंधित इलाज किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक लेजर मशीन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। सुपर स्पेशलिस्ट क्लीनिक में दिखाने के लिए सिर्फ पांच रुपए देकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यह क्लीनिक दोपहर तीन बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
स्पेशलिस्ट क्लीनिक में बैठेंगे वरीय डॉक्टर
पीएमसीएच में दोपहर में चलने वाली स्पेशलिस्ट क्लीनिक में विशेषज्ञ चिकित्सक समय से आ रहे हैं कि नहीं, आ रहे हैं तो कितने बजे आ रहे हैं, कितने मरीज देख रहे हैं। विभाग में आने वाले मरीजों की संख्या कितनी है, मरीजों को कोई दिक्कत तो नहीं हो रही है, कैसे होगा समस्याओं का समाधान... ये देखने की जिम्मेवारी विभागाध्यक्ष को दी गई है।
नियमित राउंड लगाना होगा
विभागाध्यक्ष को नियमित स्पेशलिस्ट क्लीनिक का राउंड लगाना होगा और इसकी रिपोर्ट प्राचार्य डॉ. एनपी यादव को देनी होगी। ऐसा स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर किया जा रहा है।
प्रधान सचिव का यह भी आदेश है कि स्पेशलिस्ट क्लीनिक में विभाग के सीनियर मोस्ट डॉक्टर ही बैठेंगे। यह जानकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अमरकांत अमर ने दी। प्राचार्य और अधीक्षक को स्पेशलिस्ट क्लीनिक का राउंड लगाने का भी निर्देश मिला है। जिससे पता चले कि वहां काम हो रहा है या नहीं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.