पटना | प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 16 दिसंबर से आवेदन नहीं लिए जाएंगे। शिक्षा विभाग के अनुसार अब 22 दिसंबर से आवेदन लिए जाने की संभावना है। एक-दो दिनों में तिथि पर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद नियुक्ति का नया शिड्यूल घोषित होगा। पहले 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक आवेदन लिए जाने थे। पहली से 12वीं तक के शिक्षकों के 1.40 लाख पद खाली हैं। एक अधिकारी के मुताबिक हर जिले में नए डीईओ और डीपीओ की तैनाती हुई है। इसलिए उन्होंने कुछ वक्त मांगा है।
हालांकि, नियुक्ति पत्र वितरण की तिथि में बदलाव नहीं होगा। प्रारंभिक शिक्षकों को 25 से 27 और माध्यमिक-उच्च माध्यमिक शिक्षकों को 23-24 मार्च, 2015 तक नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। आवेदन देने में अभ्यर्थियों को फिर फजीहत होगी। विभाग ने आवेदन लेने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया है। पूर्व की भांति हर पंचायत, प्रखंड और नगर निकायों में आवेदन लिए जाएंगे।