पटना | राज्य के प्लस टू स्कूलों में विभिन्न विषयों के 41871 शिक्षकों की बहाली होगी। बहाली मानदेय पर होगी। इसके लिए 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक एसटीईटी पास प्रशिक्षित अभ्यर्थी आवेदन दे सकेंगे। मैथिली, पाली, प्राकृत, भोजपुरी, बंगाली व मगही विषयों के भी शिक्षकों का नियोजन होगा। शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आरके महाजन की अध्यक्षता में जिला शिक्षा पदाधिकारियों की बैठक में मंगलवार को नियोजन पर चर्चा हुई।
पीएचईडी में बहाल होंगे 234 जेई
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में 234 जूनियर इंजीनियरों की एक वर्ष के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर बहाली होगी। मंगलवार को कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। विभाग में रिक्त पदों पर स्थाई नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। उस समय तक काम बाधित ना हो इसके लिए कॉन्ट्रैक्ट पर बहाली की जा रही है।
साथ ही सरकारी कार्यालयों में ऑफिस अटेंडेंट (कार्यालय प्रचारी) के 50 प्रतिशत पदों पर होमगार्ड के जवानों की बहाली होगी। बहाली कॉन्ट्रैक्ट पर होगी और इसे समय-समय पर बढ़ाया जाएगा। कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव बी. प्रधान ने बताया कि पीएचईडी में जूनियर इंजीनियर (असैनिक) के 204 और जूनियर इंजीनियर (यांत्रिक) के 34 पदों पर बहाली की प्रक्रिया चल रही है।