पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • The Ban On Republic Day In Gandhi Maidan,Bihar,patna News

गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर लगी रोक, गणतंत्र दिवस के बाद ही मिलेगी इंट्री

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना .सेहत बनाने के लिए गांधी मैदान में सुबह को टहलने जाते हैं तो अगले दो दिनों के इसे टाल दीजिए, या कोई दूसरा स्थान देख लीजिए। प्रशासन ने मैदान में सुबह को टहलने आने वाले लोगों वहां घुसने पर रोक लगा दी है। कहीं कोई उपद्रवी तत्व टहलने आने वाले लोगों की आड़ में मैदान में प्रवेश कर अपने गलत मंसूबों को पूरा करने में कामयाब न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।
गणतंत्र दिवस के राजकीय समारोह के दौरान सुरक्षा के इंतजाम को चाक-चौबंद करने की तैयारी आरंभ कर दी गई है। समारोह को लेकर शुक्रवार से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाना आरंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए गांधी मैदान को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। शुक्रवार की सुबह से गांधी मैदान में टहलने जाने वाले आम व खास लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा मैदान में खेलने जाने वाले खिलाडिय़ों को भी रोका जाएगा।
समारोह के दौरान आतंकी या उग्रवादी हमले की खुफिया रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने मैदान को पूरी तरह से सील करने का फैसला किया है।गांधी मैदान में शुक्रवार से 26 जनवरी के राजकीय समारोह की समाप्ति तक आम लोगों के गांधी मैदान में प्रवेश पर रोक रहेगी। मैदान के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर आम लोगों पर रोक के लिए पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी रहेगी।
जिलाधिकारी डा. एन. सरवण कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि प्रशासन के निर्देश का अनुपालन कराने में सहयोग करें। गणतंत्र दिवस राजकीय समारोह है। इसमें सबको मिलकर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। इसके अलावा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही लोगों से पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि राजकीय समारोह समाप्त होने के बाद लोग गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेंगे।
समारोह के दौरान 81 दंडाधिकारी रखेंगे मैदान की गतिविधि पर नजर
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 81 दंडाधिकारी मैदान की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। इसमें से 28 दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मी मैदान में बने विभिन्न गैलरी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके अलावा गांधी मैदान के सभी प्रवेश द्वार पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। इन प्रवेश द्वारों पर 53 दंडाधिकारियों को तैनात किया जा रहा है।
वीआईपी गैलरी में प्रवेश के लिए सबको पास जारी किए गए हैं। वीआईपी को भी सुरक्षा पास या प्रशासन की ओर से जारी पास के आधार पर प्रवेश की अनुमति मिलेगी। आम दर्शकों के प्रवेश के लिए भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर व्यक्ति की पूरी तलाशी के बाद ही मैदान में प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी।