पटना. दानापुर छावनी क्षेत्र स्थित झारखण्ड एवं बिहार सब एरिया मुख्यालय में पदस्थापित कर्नल पर सेना के ही एक डॉक्टर की पत्नी से अनैतिक संबंध रखने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में सैनिक अस्पताल दानापुर में पदस्थापित डॉक्टर मेजर विनोद कुमार ने कर्नल रवि चंदर, कर्नल जीएसए झारखण्ड एवं बिहार सब एरिया के खिलाफ दानापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। डॉक्टर ने कर्नल रवि चंदर पर धमकी देने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
डॉक्टर मेजर विनोद कुमार ने अपनी पत्नी शेफाली शौकीन पर भी कर्नल के साथ मिल कर धोखा देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए शिकायत में डॉक्टर ने कहा की 9 दिसम्बर की मध्य रात्रि में अपनी ड्यूटी से अचानक घर आने पर उन्होंने कर्नल रवि चंदर को अपनी पत्नी के साथ आपतिजनक स्थिति में देखा। हमने इसपर दोनों को फटकार लगाई। इनकी अपने और
मोबाइल में फोटो भी खिंची, जिसके बाद कर्नल ने उनकी पत्नी के साथ मिलकर मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया। उनकी पत्नी और कर्नल ने मुंह बंद नहीं रखने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दी। डॉक्टर ने सबूत के तौर पर अपनी पत्नी का मोबाइल पेश किया है, जिसमें कर्नल के भेजे मैसेज और बातचीत का ब्यौरा है।
डॉक्टर ने संदेह जताया है कि सेना द्वारा संचालित एक प्री प्राइमरी स्कूल में प्राचार्य रहने के दौरान उनकी पत्नी, कर्नल के संपर्क में आई थी । कर्नल उस स्कूल के चेयरमैन हैं।
पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पत्नी और आरोपी कर्नल से पूछताछ शुरू कर दी है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को दानापुर थाने पहुंच सिटी एसपी शिवदीप लांडे ने घटना की जानकारी ली। सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल मामला की जांच की जा रही है, आरोपी कर्नल और डॉक्टर की पत्नी से पूछताछ की जाएगी।