पटना। जदयू के बागी विधायकों की आखिरी सुनवाई बुधवार को होगी। सोमवार को विधानसभा के स्पीकर उदय नारायण चौधरी की कोर्ट में महज आधे घंटे के बाद ही सुनवाई रोक दी गई। बुधवार को दोनों पक्षों के वकील चारों विधायकों और ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार के बयानों का क्रॉस एग्जिामिनेशन करेंगे।
जदयू के चार बागी विधायक अजीत कुमार, सुरेश चंचल, पूनम देवी और राजू कुमार सिंह की स्पीकर की कोर्ट में गवाही होनी थी। दूसरे पक्ष से ग्रामीण कार्य मंत्री भी मौजूद थे। मंत्री ने कहा कि उनके लिखित बयान को ही उनकी गवाही मान ली जाए लेकिन बागियों के वकील शशिभूषण कुमार मंगलम इस पर तैयार नहीं हुए।
उन्होंने अगले दिन बकायदा गवाही की आवश्यकता जताई। इसके बाद स्पीकर ने बुधवार को सुनवाई के लिए बुलाया। इससे पहले स्पीकर ने ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, रविंद्र राय, राहुल कुमार और नीरज बबलू की सदस्यता समाप्त कर दी थी।