पटना। बिहार में सियासी घटनाक्रम बड़ी तेजी से बदल रहा है। जदयू ने राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। वहीं दूसरी ओर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने नीतीश कुमार को जेडीयू विधायक दल के नेता के तौर पर मान्यता दे दी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सोमवार की सुबह 10 बजे जेडीयू के सभी विधायक राज्यपाल से मिलने जाएंगे। जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि हमने राजभवन को कांग्रेस, राजद, सीपीआई और निर्दलीय विधायक दुलालचंद गोस्वामी का समर्थन पत्र सौंपा है। पार्टी ने राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी से सोमवार का मिलने का वक्त मांगा है।
वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ 130 विधायकों का समर्थन है। कांग्रेस, राजद, सीपीआई के अलावा निर्दलीय विधायक दुलालचंद गोस्वामी ने भी बिना शर्त समर्थन पत्र दिया है।