पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केन्द्र सरकार ने 127 विभूतियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना। लेकिन इनमें बिहार के सिर्फ दो हैं। इनमें से एक डॉ. नरेन्द्र कुमार पाण्डेय (छपरा के मूल निवासी) अब फरीदाबाद में रहते हैं। इन्हें हरियाणा सरकार की सिफारिश पर और दूसरे दरभंगा के डॉ मोहन मिश्रा को सीधे केन्द्र ने पद्मश्री दी है। राज्य सरकार ने इस बार पद्म पुरस्कारों के लिए केन्द्र को कोई सिफारिश ही नहीं भेजी।
जब इस बारे में राज्य सरकार से पूछा गया तो सचिव स्तर के एक अफसर ने बताया कि सांसदों-विधायकों और अन्य स्त्रोतों से बिहार सरकार को अनुशंसा मिली थीं। इनके आधार पर 12 नामों की सूची बनाकर विचार किया गया था।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की दो बैठकें भी हुईं। लेकिन किसी भी नाम को पद्म पुरस्कार के लिए योग्य नहीं पाया गया। इसलिए, बिहार सरकार ने इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए किसी नाम की सिफारिश नहीं की थी। लेकिन, केन्द्र सरकार पद्म पुरस्कारों के लिए राज्यों की सिफारिश मान भी सकती है और नहीं भी। इन पुरस्कारों के लिए केन्द्र को अक्टूबर तक प्रस्ताव भेजना होता है।
केन्द्र सरकार अपने स्तर पर भी चयन करती है। इसी के तहत इस वर्ष डा. मोहन मिश्रा का चयन हुआ है। सूत्रों के अनुसार पिछले वर्ष पद्म पुरस्कार के लिए चयनित दो बिहारी के नाम भी राज्य सरकार द्वारा नहीं भेजे गये थे। बताया गया है कि पटना के जानेमाने चिकित्सक डा. विजय प्रकाश के नाम की सिफारिश भी राज्य सरकार ने नहीं की थी। उन्हें भी पद्मश्री देने का फैसला केन्द्र सरकार ने अपने स्तर पर ही लिया था।
दो को पद्म विभूषण, 24 को पद्म भूषण और 101 को पद्मश्री
साल 2014 में 127 लोगों को पद्म अवॉर्ड दिए जाएंगे। इनमें दो पद्म विभूषण, 24 पद्म भूषण और 101 पद्म श्री अवॉर्ड शामिल हैं। शनिवार को इसकी घोषणा हुई। वैज्ञानिक डॉ. रघुनाथ ए. मशेलकर और बीकेएस आयंगर को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। बेगम परवीन सुल्ताना, कमल हासन, रस्किन बांड, लिएंडर पेस, पुलेला गोपीचंद भंडारी पद्म भूषण अवॉर्डियों में शामिल हैं। युवराज सिंह, परेश रावल, विद्या बालन पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं में शामिल हैं। 127 पद्म अवॉर्डियों में 27 महिलाएं शामिल हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
तीन को कीर्ति चक्र, 10 को शौर्य
सीमा पर दुश्मन के खिलाफ अदम्य साहस और पराक्रम के लिए सेना के तीन जवानों को कीर्ति चक्र और 10 अन्य को शौर्य चक्र देने की घोषणा की गई है। कीर्ति चक्र नायक सूबेदार भूपाल सिंह चंदेल, विंग कमांडर डैरिल कैस्टीलिनो और कांस्टेबल भृगु नंदन चौधरी को दिया जाएगा। भृगु नंदन को बिहार में नक्सली हमले में दिखाई वीरता के लिए कीर्ति चक्र मिलेगा। ये पुरस्कार राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा दिए जाएंगे।
राज्य के 16 पुलिस अफसरों को पदक
गणतंत्र दिवस पर इस बार बिहार के 16 पुलिस अधिकारियों को पदक दिए जाएंगे। इनमें एक को विशिष्ट सेवा और 15 को सराहनीय सेवा पदक मिलेंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.