पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना/बेतिया। बेतिया जिले के मझौलिया प्रखंड के आर महनवा पंचायत के महनवा सरेह में गुरूवार की सुबह पीतल की तीन मूर्तियां मिली हैं। मिली मूर्तियों में महाकाली एवं दुर्गा की मूर्ति बड़ी है जबकि भगवान भास्कर की मूर्ति छोटी है। दो मूर्तियां पत्थर के सतह से जुड़ी हुई हैं जिसपर नेपाली व भारतीय रुपये चढ़ाये गये हैं।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी है। साथ ही तीनों मूर्तियों को महनवा मंदिर में स्थापित कर वहां पूजन अर्चन व हनुमान आराधना शुरू कर दिया गया है। मूर्तियों के मिलने की सूचना पर महनवा गांव में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा है। जो सुन रहा है वहीं मूर्ति को देखने महनवा पहुंच रहा है। बताया जाता है कि गुरूवार की अल सुबह महनवा गांव के युवक सेना में बहाली के लिये दौड़ लगा रहे थे।
इसी बीच उन्हें महनवा सरेह के महनवा रमपुरवा मार्ग में पुल के समीप मूर्तियां दिखायी दी। जिसकी सूचना युवकों ने ग्रामीणों को दी। इसके बाद प्रशासन को सूचित करने के बाद मूर्तियों को महनवा मंदिर में स्थापित कर पूजा शुरू की गयी है। आशंका जतायी जा रही है कि तस्करों ने मूर्तियों की चोरी सोने की समझ कर किये थे और उसे तस्करी के लिये ले जा रहे थे। इसी बीच दौड़ रहे युवकों को देख अंधेरे का लाभ ले तस्कर मूर्तियों को सरेह में ही छोड़ कर फरार हो गये। मूर्ति पर नेपाली व भारतीय नोट भी पड़े मिले हैं। एएसपी (अभियान) राजेश कुमार ने बताया कि मूर्तियां कहां से चोरी की गयी है इसका सत्यापन कराया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.