फोटो: प्रतीकात्मक प्रयोग।
पटना. संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। कोहरे के कारण अब लेट होने पर भी संपूर्ण क्रांति पटना से दिल्ली के लिए समय पर खुलेगी। रेलवे, ट्रेन के लेट होने पर जुगाड़ की ट्रेन यानि स्क्रैच रैक रवाना करेगी। नए रैक की सुविधा गुरुवार से ही प्रभावी हो गई है। ठंड व कोहरे के बीच लगातार लेट हो रही इस ट्रेन के चलते यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह अतिरिक्त रैक तैयार किया गया है। पिछले वर्ष भी कोहरे के दौरान संपूर्ण क्रांति के लिए स्क्रैच रैक बनाया गया था।
अन्य गाड़ियों में भी स्क्रैच रैक
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ अरविंद कुमार रजक ने बताया कि जीएम मधुरेश कुमार की पहल पर संपूर्ण क्रांति के लिए अतिरिक्त रैक बना है। ज्यादा लेट होने पर कुछ अन्य महत्वपूर्ण गाड़ियों के लिए भी स्क्रैच रैक तैयार किया जा रहा है। रेलवे की पूरी कोशिश है कि कोहरे के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। अतिरिक्त रेक के उपयोग से ज्यादा लेट होने की स्थिति में भी संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को रद्द करने की नौबत नहीं आएगी। साथ ही समय पालन में भी सुधार होगा। ज्ञात हो कि इधर कई दिनों से ठंड व कोहरे के कारण संपूर्ण क्रांति लगातार लेट हो रही थी।
क्या है स्क्रैच रैक
स्क्रैच रैक यानी जुगाड़ की ट्रेन। यार्ड में मरम्मत के लिए लाए गए कई ट्रेनों के बोगियों की मामूली गड़बड़ी ठीक कर उससे एक पूरी रैक बनाई जाती है। किसी कारण से ट्रेन लेट हो जाए तो उसके बदले इस रैक को रवाना किया जाता है। लोग आम बोल चाल में इसे जुगाड़ की ट्रेन कहते हैं। सीपीआरओ के मुताबिक स्क्रैच रैक की व्यवस्था स्थाई नहीं है, इसे सिर्फ कोहरे के दौरान या भविष्य में ज्यादा लेट होने पर चलाया जाएगा।