पटना. राजाबाजार के समनपुरा मेंं दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इससे इलाके में तनाव फैल गया। कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की, लेकिन हरकत में आई पुलिस ने हालात काबू में कर लिया। वज्र वाहन के साथ पुलिस बल इलाके की चौकसी कर रहे हैं। पुलिस ने पैदल मार्च भी किया। मारपीट के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। बाकियों की तलाश जारी है। दोनों पक्षों को पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कानून अपना काम करेगा। मारपीट में घायल चौधरी पथ निवासी शिवनाथ चौधरी के 25 वर्षीय बेटे राहुल ने बताया कि विवाद की शुरुआत दो पक्षों में मारपीट से हुई। इसमें बीच-बचाव करने के दौरान उसे निशाना बनाया गया।
गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे समनपुरा में बांस गाड़ रहे खाजपुरा के कुंदन और चंदन की उसी इलाके के कुछ युवक पिटाई कर रहे थे। मारपीट देखकर उसने बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक के हाथ में साथी ने चापड़ दे दिया। युवक ने चापड़ से कुंदन और चंदन पर वार कर दिया, लेकिन राहुल की नजर पड़ी तो उसने हाथ से हमले को रोक लिया। हमले में उसका बायां हाथ जख्मी हो गया। मारपीट के तुरंत बाद सभी फरार हो गए। मामले में चार पर केस हुआ है।
शरारती तत्वों पर खास निगरानी
मारपीट के तुरंत बाद इलाके के लोग जमा होने लगे। तब तक पुलिस को वारदात की सूचना मिल चुकी थी। शास्त्रीनगर, एसके पुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सौ से ज्यादा पुलिसबल वहां वज्र वाहन के साथ पहुंचे। मौके पर पुलिस ने भीड़ बिल्कुल जमा नहीं होने दी। चौधरी पथ की ओर से आ रहे लोगों को पुलिस ने गली के मुहाने पर ही रोक दिया। डीएसपी इम्तियाज अहमद तब तक पहुंच चुके थे। घटनास्थल पर पहुंचे मजिस्ट्रेट को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वापस घर भेज दिया गया।
सिटी एसपी ने की जांच
वारदात की सूचना पाकर पहुंचे सिटी एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लन ने घायल राहुल से पूरी वारदात की जानकारी ली। बाद में चौधरी पथ और समनपुरा दोनों जगह जांच कर अधिकारियों को तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया। सिटी एसपी ने कहा कि मारपीट की सामान्य घटना थी, जिसे लेकर विवाद हो गया था। हालात काबू में हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने को कहा।
(झगड़े के बाद आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे मजिस्ट्रेट (टोपी में)। मजिस्ट्रेट को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।)