कटिहार. मनिहारी में पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले सेना के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव महियारपुर के एक बांसबाड़ी में लटका मिला। उसके पास से पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल इत्यादि मिले हैं। पहचान पत्र के आधार पर पुलिस ने जवान के परिजनों और गुवाहाटी के सेना मुख्यालय को सूचना दी।
ट्रेन से अमृतसर से चला था
सिख रेजीमेंट का जवान मनजीत सिंह (32 वर्ष) नौ फरवरी को नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस से अमृतसर से गुवाहाटी न्यू बोगाईगांव के लिए चला था। उसे 10 फरवरी को गुवाहाटी पहुंचना था पर वह नहीं पहुंचा। 10 फरवरी को परिजनों ने मनजीत से संपर्क करने का प्रयास किया, मगर उससे बात नहीं हो सकी। जब 11 फरवरी को भी परिजनों का संपर्क मनजीत से नहीं हुआ तब उसके भाई सुखदीप सिंह ने 11 फरवरी को पंजाब के काजिया थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। इधर, मनजीत के परिजन कटिहार पहुंच गए हैं और शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
जवान के है दो बच्चे
मनजीत के भाई सुखदीप सिंह ने बताया कि मनिहारी और कटिहार जिले में उसके कोई सगे-संबंधी नहीं है। मनजीत का टिकट अमृतसर से सीधे न्यू बोगाईगांव के लिए था। वह यहां कैसे पहुंचा यह बात समझ में नहीं आ रही है। मनजीत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं।
जांच की जा रही है
कटिहार अपर पुलिस अधीक्षक छोटेलाल का कहना है कि जवान मनिहारी कैसे पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। जब तक इसका पता नहीं चलेगा तब तक इस मामले में पुलिस के हाथ कुछ लगने की उम्मीद कम ही है। इस संबंध में मनिहारी में हत्या से संबंधित मामला दर्ज कर लिया गया है।
दो दिन कहां रहा मनजीत
मनजीत जिस ट्रेन से सफर कर रहा था वह मनिहारी नहीं जाती है, मगर निकटतम स्टेशन कटिहार ही है। 10 फरवरी को ट्रेन जब कटिहार पहुंची होगी तब वह स्वयं कटिहार में उतरा होगा या उतारा गया होगा।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक जवान की 48 घंटे पहले हत्या की गई है। उसका शव 13 फरवरी को मिला है। यानी 11 फरवरी को उसकी हत्या की गई। ऐसे में सवाल यह उठता है कि दो दिन वह कहां रहा। शुरुआती जांच में माना जा रहा था कि मनजीत ने आत्महत्या की होगी, मगर पोस्टमार्टम में नाक के पास दो गोली लगने के निशान और शव के पेड़ से लटके होने से यह साफ हा़े गया कि उसने आत्महत्या नहीं की।
डॉक्टर का है कहना
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर मनीष कुमार का कहना है कि कान के नीचे लगी गोली सीधे इस पार से उस पार निकल गई है। आत्महत्या के लिए कनपटी में गोली मारी जाती है और वह तिरछे निकलती है। मनजीत को लगी गोली सीधे आरपार हो गई है।