जम्मू/पूर्णिया. चार दिनों पहले लापता हुए सेना के कैप्टन शिखरदीप की तलाश में सेना, पुलिस, आईबी और एनआईए की टीम को लगाया गया है। वे एक माह की छुट्टी पर घर आए थे और 6 फरवरी को दिल्ली के लिए ट्रेन से निकले थे। दिल्ली आने के बाद उनका सामान तो मिला लेकिन उनका पता नहीं चला।
जम्मू में राजौरी के नौशहरा के केरन सेक्टर में तैनात कैप्टन पूर्णिया जिले के महेंद्रपुर के लेफ्टीनेंट कर्नल अनंत कुमार के बेटे हैं। सेना, बिहार पुलिस आईबी और एनआईए ने भी जांच शुरू कर दी है। जम्मू में सेना के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
रेल एसपी से मिले शिखरदीप के पिता
शिखरदीप के घर में अब दुआ और फरियाद का सिलसिला जारी है। शिखरदीप के पिता जो स्वयं सेना में है, वे गुरुवार को अपने परिजनों के साथ रेल एसपी से मिले और इस मामले में अपने बेटे का पता लगाने के लिए रेल पुलिस अधीक्षक से फिर गुहार की। बाद में उन्होंने बताया कि वे कुछ कहने की स्थिति में नहीं है कि उनके बेटे के साथ क्या हुआ। शिखरदीप के गायब हुए चार दिन बीत गये हैं। शिखरदीप की मां किरण देवी का और उसके परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है बेटे के सकुशल वापसी के लिए उसकी मां पूजा-पाठ कर रही है और पुलिस प्रशासन से अपने बेटे की वापसी के लिए गुहार लगा रही है। शिखरदीप अनंत कुमार का इकलौता पुत्र है।
सहयात्रियों से पूछताछ में कोई सुराग हाथ नहीं लगा
कटिहार के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि उन्होंने अपने स्तर से शिखरदीप की गायब होने और इससे संबंधित संभावनाओं को पूरी तरह खंगाला है। शिखरदीप के साथ चल रहे बर्थ नंबर 11, 12 के यात्री प्रेम भगत व अशोक भगत से रेल पुलिस ने पूछताछ की लेकिन कुछ सामने नहीं आया।