पटना सिटी/ सीवान. अपराधियों ने मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे लूटपाट के क्रम में बैग कारोबारी सुशील जायसवाल को गोली मार घायल कर दिया। गाेली कारोबारी की पीठ में लगी है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और फिर उनके घर वालों को सूचना दी गई। उसके बाद उन्हें पादरी की हवेली के पास ही एक निजी नर्सिंग हाेम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खाजेकलां थाना क्षेत्र के पादरी की हवेली के पास बैग का कारोबार करने वाले 35 वर्षीय सुशील पैसे का तगादा कर घर लौट रहे थे इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने कारोबारी को नजदीक से गोली मार दी।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी गली के रास्ते भाग निकले। गोली चलने की आवाज से काफी संख्या में लोग वहां जुट गए। अपराधियों के भागने कि दिशा में स्थानीय लोगों व पुलिस ने तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। बताया जाता है कि अपराधियों ने कारोबारी से 50 हजार रुपए नगद व सोने की चेन छीन ली। खाजेकलां थानाध्यक्ष अरविंद झा ने बताया कि कारोबारी की पीठ में गोली लगी है। मामले की छानबीन की जा रही है। बताया जाता है कि लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चलाई।