पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Job Was Left For Three Days Caught Accepting Bribes

नौकरी तीन दिन बची थी घूस लेते पकड़े गये

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बगहा. मधुबनी प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नागेन्द्र शर्मा को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने धर दबोचा। बीईओ की बदकिस्मती यह रही कि उनकी नौकरी सिर्फ तीन दिन बची थी। उन्हें 31 जनवरी को रिटायर कर जाना था। बुधवार को निगरानी के धावा दल ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

धावा दल का नेतृत्व करने वाले निगरानी डीएसपी मो. जमीरूद्दीन ने बताया, कि प्रखंड अक्षरांचल योजना के समन्वयक रमाकान्त चौधरी ने योजना राशि के भुगतान के लिए पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। निगरानी टीम ने चार दिन पहले इस मामले का सत्यापन कर लिया था। इसके बाद धावा दल का गठन हुआ। निगरानी दस्ता मंगलवार को ही इन्हें दबोचना चाहता था, लेकिन वे बेतिया चले गये थे।

शिकायतकर्ता ने मोबाइल से उनसे सम्पर्क साधा तो बीईओ ने उन्हें कार्यालय में कार्य कराने के लिए बुलाया। निर्धारित समय पर शिकायतकर्ता ने उन्हें पांच हजार रुपये रिश्वत के रुप में दिया और मौके पर उपस्थित धावा दल ने उन्हें दबोच लिया। बकौल डीएसपी मो. जमीरूद्दीन, इस धावा दल में निगरानी के पुलिस निरीक्षक महेश कुमार, अरूण कुमार व जयप्रकाश पाठक शामिल रहे।

ये हो चुके हैं गिरफ्तार
बगहा पुलिस जिले मे अब तक दो बीडीओ, दो बैंक प्रबंधक, एक सीओ, एक सीडीपीओ, एक एमओ, एक सहायक सहकारिता निबंधक समेत दर्जन भर अधिकारी व कर्मी निगरानी के हत्थे चढ़ चुके हैं ।
12 जनवरी, 2006-मदन रजक, एमओ, रामनगर
27 जनवरी, 2009- रमाशंकर झा, सहायक सहकारिता निबंधक, बगहा
19 मार्च, 2009-अली इमाम, प्रबंधक, ग्रामीण बैंक, ठकराहा
तपेश्वर सिंह, आदेशपाल, ग्रामीण बैंक, ठकराहा, रामाकांत यादव, विचैलिया, ग्रामीण बैंक, ठकराहा
10 अगस्त, 2010- तरूण सिंह सीओ मधुबनी
12 दिसम्बर, 2010-दीनबंधु प्रसाद, प्रबंधक, ग्रामीण बैंक, रेड़हा भीतहा
19 जुलाई, 2011-जवाहरलाल सिंह, बीडीओ, रामनगर
24 जुलाई, 2012-संध्या कुमारी, सीडीपीओ, भीतहा
08 मार्च, 2013-ललन साह, बीडीओ, रामनगर

अवैध कमाई की जांच
॥गिरफ्तार बीईओ की परिसम्पति की जांच चल रही है। इन्हे निगरानी अदालत में प्रस्तुत करने के बाद मुजफ्फरपुर जेल भेजा जायेगा।
मो. जमीरूद्दीन, डीएसपी