छपरा. बच्चों को बाल सुधार गृह ले जा रहे कर्मी को ही लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया और उसकी जम कर पिटाई कर दी। जान लेने पर उतारू भीड़ से बचने के लिए कर्मी बच्चों को लेकर एक मकान में छिपा रहा। सूचना पर पुलिस आई तो लोगों के तेवर पुलिस के प्रति भी उग्र हो गए। अंतत: पुलिस को लाठी-चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। पुलिस ने मकान में छिपे कर्मी को सुरक्षा में लेकर बच्चों को बाल सुधार गृह पहुंचाया। लाठी-चार्ज से कई लोगों को चोटें आई हैं। यह घटना सोमवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप की है।
बताया जाता है कि बाल सुधार गृह का कर्मी विजय कुमार बाल कल्याण समिति से दो बच्चों को सुधार गृह ले जा रहा था। जैसे ही वह बच्चों को लेकर पुलिस लाइन के पास पहुंचा, लोग उसे ‘बच्चा चोर-बच्चा चोर’ कहकर खदेड़ने लगे। सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। वह किसी तरह बच्चों को लेकर एक घर में घुस गया और अपनी जान बचाई।
इसके बाद सूचना पाकर मौके पर नगर थाने की पुलिस पहुंची। भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। वह कर्मी को अपने हवाले करने की मांग कर रही थी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने लोगों पर जमकर लाठियां बरसाई। कई लोग चोटिल हो गए।
(छपरा पुलिस लाइन के पास बाल सुधार गृह के कर्मी को मारने के लिए मकान को भेरे लेग, पुलिस पहुंची तो लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ा)