गया. होटल कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया सोमवार को अहले सुबह से दोपहर तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक जहां-तहां दुबके रहे। क्रुद्ध भीड़ का कोपभाजन बोधगया के थानाध्यक्ष नरेश कुमार और अंचल अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मियों को भी बनना पड़ा। लोगों ने हाथापाई कर इन्हें खदेड़ दिया। कई जगहों पर तोड़फोड़ हुई। सदर एसडीओ और डीएसपी के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई।
बोधगया के तारा होटल में काम करनेवाले अमित कुमार (16 वर्ष) की मौत रविवार को इलाज के क्रम में हो गई। परिजनों का आरोप है कि उक्त होटल के सामने स्थित एक हार्डवेयर दुकान में तीन दिन पूर्व चोरी के मामले में अमित की पिटाई की गई थी। उसका इलाज एएनएमसीएच में कराया गया। गंभीर हालत में पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। खबर फैलते ही बोधगया के लोग उग्र हो गए। इस घटना में एक आरक्षी बुरी तरह जख्मी हो गया। कई अन्य लोगों को भी चोट आयी है।
होटल कर्मचारी अमित कुमार की हत्या के सिलसिले में छह लोगों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। तारा होटल के मालिक सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।मृतक अमित के परिजनों को सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार प्रदान किया गया। इसके अलावा आवास के लिए चार डिसमिल जमीन देने की भी घोषणा की गई।
पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में प्राथमिकी
बोधगया में उपद्रव करने व पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। युवक की हत्या की गई है या आत्महत्या का मामला है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य जांच के बाद ही पता चल पाएगा । - सतीश कुमार, डीएसपी, विधि व्यवस्था