मधेपुरा. यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों ने जम कर उपद्रव किया। सड़क जाम कर प्रदर्शन करने से जब बात नहीं बनी तो थाने में हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों को पथराव कर खदेड़ दिया और तोड़फोड़ की। कई दिनों बाद खाद लेकर पहुंचे दो ट्रकों को किसानों ने घेर लिया और देखते ही देखते दोनों ट्रकों में लदा यूरिया लूट ले गए। किसानों के उपद्रव से मुरलीगंज में पूरे दिन अफरा -तफरी मची रही। लोगों ने भय से दुकानें बंद रखीं।
किसानों को पता चला था कि बुधवार को यूरिया की खेप आने वाली है। सुबह में पहुंचे किसानों को यूरिया नहीं मिली तो मधेपुरा-पूर्णिया एनएच 107 को दुर्गा चौक, मिडिल चौक व बैंगा पुल के समीप जाम कर दिया। मंगलवार की देर रात मुरलीगंज के खाद व्यवसायी के यहां दो ट्रक यूरिया आने की जानकारी किसानों को मिली थी। हजारों की संख्या में किसान दुकान व गोदाम के आस-पास जमा हो गए। सुबह में किसानों को मालूम हुआ कि यूरिया से लदा ट्रक बैगा नदी के किनारे ही है, तो उग्र किसान वहां पहुंचे। किसानों ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में यूरिया के लिए जाम किया और प्रदर्शन करने लगे।
पुलिसकर्मी ने हथियार दिखाया, तो किसानों फेंके पत्थर
किसानों ने मुरलीगंज थाने पर भी हमला बोल दिया और कार्यालय, गार्ड रूम, थानाध्यक्ष आवास व थाना परिसर में लगे वाहनों में तोड़फोड़ की। थाने में कार्यरत एक पुलिस अधिकारी के द्वारा लाठी व हथियार दिखाकर डराने का प्रयास किया गया, जिस पर कुछ किसानों व असामाजिक तत्वों ने आक्रोश में आकर थाना परिसर में जमकर रोड़ेबाजी की। अनुमंडलाधिकारी विमल कुमार सिंह व एसडीपीओ कैलाश प्रसाद पहुंचे। कई थानों की पुलिस भी पहुंची थी, जिसके बाद मामले को शांत कराया गया।