पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जब आप हराने पर उतारू हैं तो हम चुनाव लड़े ही क्यों!

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. राज्यसभा चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज चल रहे जदयू के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

तिवारी ने कहा-मैं अच्छी तरह जानता हूं कि नीतीश जिताने के लिए नहीं मुझे हराने के लिए लोकसभा चुनाव लडऩे को कह रहे हैं। साबिर अली और एनके सिंह को दोबारा राज्यसभा न भेजने को लेकर भी मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया। कहा-दुश्मनी मुझसे थी, तो बाकी दो की बलि क्यों ली।

जब आप हराने...
उन्होंने यहां तक कह डाला कि नीतीश में आदमियत होती तो साबिर का टिकट नहीं काटते। शिवानंद ने प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को कड़ा पत्र लिखकर इन बातों का जिक्र किया है।

अल्टीमेटम से आगबबूला

बक्सर से चुनाव लडऩे के संबंध में 24 घंटे में फैसला लेने के पार्टी के अल्टीमेटम से आगबबूला शिवानंद ने पत्र में मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा है। कहा-अल्टीमेटम की खबर से स्तब्ध हूं। एनडीए से जब हमलोग बाहर निकले थे उसी समय नीतीश को कहा था कि मैं चुनाव नहीं लडऩा चाहता हूं। अगर मुख्यमंत्री के मन में यह बात थी तो उस समय क्यों नहीं कहा कि चुनाव लडिय़े। यह फैसला सुनाने के लिए श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल का मंच क्यों चुना गया। फैसला सुनाने का अंदाज और तेवर चुनाव जिताने वाला था या हराने वाला? इसलिए जब दोबारा पूछा गया तो फिर मैंने इनकार कर दिया था। ऐसी स्थिति में अल्टीमेटम वाली बात कहां से आ गई।

वशिष्ठ पर भी निशाना

तिवारी ने वशिष्ठ नारायण सिंह पर भी कटाक्ष करते हुए कहा- लगता है आपकी स्मरणशक्ति पर भी उम्र का असर समय से पहले पडऩे लगा है। 22 जनवरी की रात साढ़े नौ बजे आपने मुझे नीतीश का फरमान सुनाया था कि मुझे बक्सर से चुनाव लडऩा है। अविलंब मैंने बता दिया कि चुनाव नहीं लड़ूंगा। दूसरे दिन कर्पूरी जयंती जयंती समारोह में नीतीश ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि जो लोग कहते हैं कि पार्टी कमजोर है वे चुनाव लड़कर दिखाएं।

तिवारी ने लिखा है-जिस ढंग से पार्टी चलायी जा रही है उससे पार्टी कमजोर हो रही है, ऐसा सिर्फ मैंने ही राजगीर की शिविर में कहा था। तो एन.के.सिंह और साबिर को राज्यसभा न भेजकर लोकसभा चुनाव लडऩे के लिए क्यों कहा जा रहा है। हद तो साबिर के मामले में हुई है। उसे तो रामविलासजी ने राज्यसभा में भेजा था। उसका तो वही टर्म समाप्त हो रहा है। दोबारा राज्यसभा में उसको भेजा जायेगा, इसी शर्त पर वह हमलोगों के साथ आया था।

मेरी जानकारी के अनुसार जो पक्की है पिछली बार नीतीश जब दिल्ली आए थे, बिहार निवास में साबिर और एन.के.सिंह के सामने किसी ने उनसे पूछा कि साबिर का टर्म तो समाप्त हो रहा है। अब इनका क्या होगा। तो नीतीश ने कहा-साबिर दोबारा राज्यसभा जाएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में साबिर का किस प्रकार दोहन हुआ है, यह बहुतों की जानकारी में है। जिसमें थोड़ी आदमियत होगी वह उसके साथ इस प्रकार का व्यवहार कैसे कर सकता है।
मालूम हो कि जदयू ने सांसद एन.के.सिंह को बांका और साबिर अली को शिवहर से लोकसभा चुनाव लडऩे कहा गया है। साबिर अली ने सहमति जताई है। लेकिन, एन.के.सिंह अभी निर्णय नहीं कर पाए हैं।

अभी तो यह शुरुआत है

जो नफरत की हद तक मुझे नापसंद करता है। मुझे काटने के लिए दो निर्दोषों का वध कर सकता है, उसकी ओर से चुनाव कैसे लड़ूं। शिवानंद तिवारी

नीतीश ने कहा था-लड़ें और जीतें॥जो लोग कहते हैं कि पार्टी कमजोर है वे लोकसभा चुनाव लड़कर दिखाएं। सिर्फ कहने से नहीं नहीं होगा। नीतीश कुमार

पार्टी का निर्णय हमें स्वीकार
पार्टी के निर्णय के अनुरूप चुनाव लडूंगा। शिवानंद ने क्या कहा है वह जानें। पार्टी ने मेरे बारे में जो भी फैसले लिया है उससे कोई शिकायत नहीं है। साबिर अली