पूर्णिया में ज्वेलरी दुकान से दस लाख की लूट
पटना। पूर्णिया जिले के बनमनखी थाने से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान से दस लाख की लूट कर ली। अक्षय तृतीया को लेकर ज्वेलरी दुकानों में काफी तैयारी की गयी थी। घटना के बारे में बताया जाता है कि पहले दो अपराधी खरीदार बनकर पहुंचे और उसके पीछे से चार बदमाश ग्राहक बनकर आये। मौका ताड़कर उन्होंने दुकानदार को रिवाल्वर से कवर कर लिया। दूसरे सेल्समैन भी बदमाशों के कब्जे में आ गये। उन्होंने सेफ में रखे गहनों और नकदी लूट ली। बदमाश आसानी से मोटर सायकिल से भाग निकले। पुलिस की भूमिका पर दुकानदारों में गहरा गुस्सा है। घटना शाम साढ़े पांच बजे की है। पुलिस ने बदमाशों की धर-पकड़ के लिए चेकिंग शुरू कर दी है।
मक्के के खेत से आठ साल की बच्ची का मिला शव, सनसनी
पटना। पूर्णिया के मोहनपुर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गयी कि जब मकई के खेत से एक आठ साल की बच्ची का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने बच्ची का रेप कके बाद हत्या की आशंका जतायी है जबकि पुलिस-प्रशासन ने कहा है कि किसी आदमखोर जानवर के हमले में बच्ची की जान जा सकती है। बच्ची के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही साफ होगा कि बच्ची की मौत किन हालातों में हुई।
हिरण को बचाने में खाई में पलटा बोलेरो
सासाराम। जिला मुख्यालय सासाराम से पांच किलोमीटर उत्तर चौसा पथ पर अचानक आ गये एक हिरण को बचाने के क्रम में बरातियों से भरी बोलेरो गाड़ी खाई में पलट गई। सोमवार की दोपहर घटी इस घटना में बोलेरो पर सवार दो बराती जख्मी हो गए। वहीं गाड़ी के धक्के से मर चुके हिरण को वहां जुटे कुछ ग्रामीण लेकर चंपत हो गए। अहम बात तो यह है कि दुर्घटना में हिरण के मरने व उसके गायब होने की भनक ना तो वन विभाग को मिली ना ही पुलिस जान पाई। इस घटना में घायल दोनो बरातियों जगदेव सिंह और होरिक ठाकुर का ईलाज सासाराम के एक नीजि क्लिीनिक में चल रहा है। ये बराती बक्सर से चलकर डेहरी जा रहे थे। घटना के बाद बोलेरो का चालक मौके से फरार है। यह घटना बाराडीह पुल के समीप घटी है।
मुंगेर एसपी का हत्यारा नक्सली जमुई में गिरफ्तार
जमुई। मुंगेर के एसपी केसी सुरेन्द्र बाबू का हत्यारा हार्डकोर नक्सली बच्चनदेव यादव सहित दो लोगों को जमुई पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, छानबीन के क्रम में एक को निर्दोष पाते हुए छोड़ दिया है। पुलिस को यह कामयाबी झाझा थाना क्षेत्र के सहिया गांव स्थित उसके घर पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के बाद मिली है। गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने दो नाल की एक बंदूक, एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और कई आपत्तिजनक समान बरामद किया है।
मुंगेर एसपी हत्याकांड में था शामिल
एसपी दीपक बर्णवाल ने बताया कि मुंगेर के एसपी केसी सुरेन्द्र बाबू हत्याकांड में बच्चनदेव यादव हार्डकोर नक्सली भी शामिल था। उन्होंने बताया कि वह नक्सली कमांडर पिंटू राणा का करीबी साथियों में से एक है। नक्सली बच्चनदेव यादव पर लखीसराय, मुंगेर और जमुई जिले के दर्जनों नक्सली बारदात में शामिल था। पुलिस को इसकी तलाश लंबे अर्से से थी।
कब हुई थी एसपी की हत्या
वर्ष 2005 के 5 जनवरी को मुंगेर के एसपी केसी सुरेन्द्र बाबू की नक्सलियों ने तब हत्या कर दी थी जब वह अपने सुरक्षा गार्ड के साथ हवेली खड़गपुर के नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्च अभियान का नेतृत्व कर रहे थे। नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट कर उनकी जीप को उड़ा दिया था। जिससे एसपी के अलावे छह सुरक्षाकर्मी जवान भी शहीद हो गए थे।
थानाध्यक्ष के भांजे ने फांसी लगा कर की आत्महत्या
भागलपुर। सुल्तानगंज थाना परिसर में रह रहे थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा का भांजा अमित आनंद उर्फ मिंटू (२क्) ने सोमवार को फंखे से झूलकर आत्महत्या कर ली। वह बेगूसराय जिले के लदौना गांव का रहने वाला था। मृतक अपने मामा के साथ रह कर प्रतियोगिता की तैयारी करता था। थानाध्यक्ष एक सप्ताह पूर्व कमांडो की ट्रेनिंग में डेहरी ओनसोन गए हुए हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने मामले में एक यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें आत्महत्या के कारणों का पता नहीं बताया है।
कैसे चला पता
रोज की तरह सोमवार की सुबह भी थाने का जीप चालक छात्र अमित को उठाने के लिए गया था। काफी देर तक पीटने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खोला। तब प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी। उन्होंने पहुंच कर रोशन दान से देखा कि छात्र पंखे से झूल रहा था। अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से फौरन दरवाजा को तुड़वाया और शव को नीचे उतारा। थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी एएसपी मो. फरोगउद्दीन और उसके माता पिता को भी दी। घटनास्थल पर पहुंच कर एएसपी ने जांच पड़ताल किया और मामले में एक यूडी केस दर्ज करने का निर्देश दिया।
इस बावत एएसपी ने बताया कि मृतक छात्र एक सुसाइड नोट छोड़ा हुआ था। जिसमें लिखा था कि ‘मां मैं आपको बहुत तकलीफ देता हूं। अब मैं दुनिया छोड़ कर जा रहा हूं। मुझे माफ करना’। उन्होंने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
स्नान के दौरान दो सगी बहन डूबी, एक लापता
भागलपुर। सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा तट किनारे सोमवार को स्नान करने के दौरान दो सगी बहन %योति कुमारी व लक्ष्मी कुमारी डूब गई। जिसमें मौजूद लोगों ने लक्ष्मी को सुरक्षित गंगा से बाहर निकाल लिया। जबकि लापता ज्योति (12) की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में जाल डाल कर उसे खोजने का काम जारी है। मृतक गिरीडीह (झारखंड) जिले के करीहरि गांव निवासी राजेश यादव की पुत्री थी। दोनों बहनें अपने माता-पिता व पूरे परिवार के साथ एक मुंडन के कार्यक्रम में सुल्तानगंज पहुंची थी। घटना के बाद मुंडन के खुशी के कार्यक्रम गम में बदल गया।
ट्रक ने तोड़ा लोहिया पुल की रेलिंग
भागलपुर। जिला प्रशासन के शहर में नो इंट्री की नियम को सख्ती से निपटने के निर्देश के बावजूद सोमवार को एक बेकाबू ट्रक शहर में घूस गई और लोहिया पुल के रेलिंग को तोड़ दिया। ट्रक करीब सौ फीट नीचे गिरने से बाल-बाल बच गई। बालू से लदी ट्रक जगदीशपुर से आ रही थी। घटना के बाद मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोहिया पुल के नीचे सजी मंडी लगती है। यदि ट्रक नीचे गिर जाती तो एक साथ कईयों की जान जा सकती थी। चालक के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
राजधानी से कटकर मां बेटे की मौत
सासाराम। गया मुगलसराय रेल खंड के सासाराम स्टेशन से सौ मीटर की दूरी पर सोमवार की अहले सुबह अप लाइन में आ रही हावड़ा नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से कटकर मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के निकट रामपुर के रहने वाले बताये गये हैं, जो बिक्रमगंज के समीप कल्याणी गांव में अपने रिश्तेदार के घर एक शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय महिला फुलकुमारी अपने गोद में एक वर्ष का दूध मुंहे बच्चे को लेकर रेलवे लाईन क्रॉस कर रही थी। इसी बीच पूरब दिशा से तेजी से आ रही हावड़ा नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। जिससे दोनो की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों को सौप दिया है।
जहरीली शराब से एक की मौत
पटना। राज्य के मधेपुरा के ग्वालपाड़ा में एक व्यक्ति की जहरीली शराब पीने से मौत हो गयी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा कि मौत किस वजह से हुई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि जहरीली शराब पीने से यह हादसा हुआ। इस मामले को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ गयी हैै। मृतक का नाम ब्रह्मदेव शर्र्मा है। शर्मा के भार्ई ने पुलिस को बताया कि अत्यधिक शराब पीने से उसके भाई की मौत हो गयी जबकि उसके बेटे ने अपने पिता की हत्या की आशंका जतायी है।
बिहार की खेती देखी अमेरिकी राजदूत ने
पटना। भारत में अमेरिका की राजदूत नैंसी पावेल ने आज दानापुर के किसानों से मुलाकात की और खेती में किये जा रहे प्रयोगों के बारे में जानकारी ली। सुश्री पावेल पटना से सटे फुलवारीशरीफ भी गयीं। वहां भी उन्होंने किसानों से बातचीत की। बताया जाता है कि राज्य में खेती के क्षेत्र में हो रहे प्रयोगों को लेकर सुश्री पावेल काफी उत्साहित थीं।