पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. जदयू और भाकपा में दोस्ती परवान चढऩे लगी है। 27 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाकपा नेताओं के बीच इस मुद्दे पर बात होगी। दोनों दलों के बीच दोस्ती तय मानी जा रही है। भाजपा से जदयू के अलग होने के बाद विधानसभा में भाकपा के एकमात्र विधायक का समर्थन नीतीश सरकार को मिला था। तभी दोनों दलों के बीच तालमेल की संभावना बढ़ गई थी।
भाकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य जितेंद्र नाथ ने बताया कि 27 जनवरी को बिजली उपभोक्ताओं के ओवर बिलिंग व निजीकरण के साथ राजनीतिक मुद्दों पर भी बात होगी। इस दौरान राज्य सचिव राजेंद्र प्रसाद सिंह, वरिष्ठ नेता बद्री नारायण लाल और जितेंद्र नाथ सहित पांच नेता मौजूद रहेंगे। पूर्व राज्य सचिव बद्री नारायण लाल ने बताया कि भाकपा की 11 सीटों पर दावेदारी है।
इसमें गया, जहानाबाद, बक्सर, बांका, बेगूसराय, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर और भागलपुर शामिल हैं। तालमेल के लिए सीटों की कम और अधिकता हो सकती है।
शरद यादव बोले, मधेपुरा से ही लडूंगा लोस चुनाव
भास्कर न्यूज. पटना
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि वे लोकसभा का चुनाव मधेपुरा से ही लड़ेंगे। शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में श्री यादव ने कहा कि मधेपुरा उनका लोकसभा क्षेत्र है। वे अपना क्षेत्र किसी भी हालत में नहीं बदलने वाले हैं। दूसरी ओर ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि वे शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले जरूर थे, लेकिन यह मुलाकात शिष्टाचारवश थी।
चुनाव बाद नमो-सुमो का होगा बुरा हाल
उधर, जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. रामकिशोर सिंह का कहना है कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का कल्याण सिंह, मदन लाल खुराना, उमा भारती और केशु भाई पटेल से भी ज्यादा बुरा हाल होगा। ये सभी नेता अपने-अपने राज्यों के ताकतवर मुख्यमंत्री थे, लेकिन चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद दल से निकाल बाहर किए गए।
नरेंद्र मोदी लोकतंत्र के लिए खतरा : भोला प्रसाद
राज्य नागरिक परिषद के वरीय उपाध्यक्ष भोला प्रसाद सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी हिंदू धर्म की कट्टरता के प्रतीक और लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। मोदी को रोकने के लिए मुलायम सिंह यादव, ममता बनर्जी, एम. करुणानिधि और नवीन पटनायक को नीतीश कुमार के साथ मिल कर मोर्चा बनाना चाहिए। हिंदू धर्म में जब-जब कट्टरपंथियों का प्रभाव बढ़ा है, देश सामाजिक और राजनीतिक रूप से टूटा है। आज देश फिर से टूट की कगार पर है। इसलिए मोदी को रोकना जरूरी हो गया है।
क्रफरवरी से सभी जिलों में बनने लगेंगे आधार कार्ड
पटना. बिहार में आधार कार्ड बनाने की धीमी रफ्तार पर भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के उप महानिदेशक (एनपीआर) एसके चक्रवर्ती ने नाराजगी जताई। शनिवार को एनएन सिन्हा इंस्टीट्यूट में जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को आधार कार्ड बनवाने में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अभी पटना सहित कई जिलों में आधार कार्ड बनवाए जा रहे हैं। फरवरी से सभी जिलों में आधार कार्ड बनाने लगेंगे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने कहा कि इस कार्य में मान्यता प्राप्त सांख्यिकी कर्मियों की मदद ली जा सकती है।
मानव विकास मिशन की छठी बैठक पांच को
पटना. मानव विकास मिशन की राज्यस्तरीय अनुश्रवण समिति की छठी बैठक पांच फरवरी को होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसकी अध्यक्षता करेंगे। इसमें पांचवीं बैठक में तय किए गए लक्ष्यों की समीक्षा होगी।
तय कार्यक्रम के अनुसार समिति की बैठक हर तीन माह पर होनी है। हालांकि, इस बार तिथि तय करने में सात माह लग गए। समिति की पांचवीं बैठक पिछले साल एक जून को हुई थी। सरकार ने वर्ष 2016-17 तक एक करोड़ लोगों का कौशल विकास समेत विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसमें भविष्य के लक्ष्यों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.