बिलासपुर। शहर में स्थान विशेष और जरूरत के मुताबिक विशेष सफाई के लिए सेंट्रल जोन में नियुक्त 30 कर्मचारी जिले के अफसरों के यहां ड्यूटी दे रहे हैं। कर्मचारियों के सत्यापन के दौरान खुलासा हुआ कि ये कर्मचारी अपने मूल काम के बजाय अन्य जगहों पर ड्यूटी दे रहे थे। निगम कमिश्नर रानू साहू ने सेंट्रल जोन के 30 कर्मचारियों को विशेष सफाई के बजाय अन्य काम पर लगाने के मामले में हैल्थ आॅफिसर डाॅ. ओंकार शर्मा को नोटिस दिया है।
निगम कमिश्नर ने सारे कर्मचारियों का अन्य स्थानों पर अटैचमेंट समाप्त करने का आदेश देते हुए अपने नियंत्रण में रखकर सफाई करवाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में कमिश्नर के निर्देशों की अवहेलना व लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए
चेतावनी दी गई है कि क्यों न एचओ के वेतन से इन कर्मचारियों का
वेतन भुगतान किया जाए।
सालों से सरकारी दफ्तरों और बंगलों पर कर रहे ड्यूटी
सालों से सरकारी दफ्तरों और बंगलों पर कर रहे ड्यूटीसेंट्रल जोन में पूर्व में 50 कर्मचारियों को बतौर श्रमिक नियुक्त किया गया था। तत्कालीन कमिश्नर अवनीश कुमार शरण के कार्यकाल में इनकी संख्या घटाकर 30 कर दी गई। इन कर्मचारियों की अन्यत्र ड्यूटी लगाए जाने के बाद निगम और ठेकेदारों के कामगारों को लेकर काम करवाया जा रहा था।
हैल्थ आॅफिसर डाॅ. ओंकार शर्मा ने स्वीकार किया कि कुछ कर्मचारी छत्तीसगढ़ भवन व निगम कार्यालयों में लगाए गए हैं। सेंट्रल जोन के कर्मचारियों के सत्यापन में मंगलवार को 28 कर्मचारियों ने उपस्थिति दी। दो कर्मचारी बीमार होने के कारण उपस्थित नहीं हुए। निगम के सफाई कर्मियों को कार्यालयों व बंगलों में नियुक्त करने की परिपाटी वर्षों से चल रही है, लेकिन इन्हें हटाने की जहमत अब तक किसी कमिश्नर ने नहीं उठाई।
कर्मियों की तैनाती से कमिश्नर का इनकार
निगम कमिश्नर रानू साहू ने इनकार किया कि सेंट्रल जोन के अधिकांश कर्मचारी आला अफसरों के बंगलों में ड्यूटी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ये लोग निर्धारित काम के बजाय अन्य स्थानों पर काम कर रहे थे। लिहाजा इनका अटैचमेंट समाप्त करने के लिए कहा गया है।