- Hindi News
- कोल डिपाे में छापा, 90 टन कोयला जब्त, 5 पकड़े गए
कोल डिपाे में छापा, 90 टन कोयला जब्त, 5 पकड़े गए
मोहदामोड़ के पास चल रहे अवैध कोल डिपो पर हिर्री पुलिस ने छापा मारा। यहां से 90 टन कोयला, तीन ट्रेलर, तीन एक्सीवेटर बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई शुरू होते ही डिपो संचालक सहित चार लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
हिर्री से मोहदा मोड़ पर शमीम खान का कोल डिपो है। शमीम यह डिपो राजनांदगांव के राकेश पाल के साथ मिलकर संचालित करता था। पुलिस ने गुरुवार की सुबह यहां छापामार कार्रवाई की। डिपो में अवैध रूप से डंप कर रखा गया 90 टन कोयला पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके अलावा ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एस-1655, सीजी-12 एस 1659 सीजी 07-7083 और तीन जेसीबी बरामद की गई। यहां नगदी 60 हजार रुपए सहित कुल 3.30 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
ये फरार
पुलिसकी कार्रवाई शुरू होने से पहले ही डिपो संचालक शमीम खान, राकेश पाल राजनांदगांव, कैशियर आशिफ खान मध्यप्रदेश शहडोल, ऑपरेटर शंभूलाल फरार होने में कामयाब गए। मामले में इन्हें भी आरोपी बनाया गया है।
ये हुए गिरफ्तार
कोलडिपो से ड्राइवर शहादत अंसारी (25 वर्ष) झारखंड, ड्राइवर उमेश बैठा (24 वर्ष) झारखंड, बक्सार अली (25 वर्ष) उत्तरप्रदेश चंदोरी, नइम खान (45 वर्ष) मध्यप्रदेश शहडोल बुढ़ार, रामकुमार सिंह (54 वर्ष) उत्तरप्रदेश सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया है।
ऐसे चल रही थी गड़बड़ी
ड्राइवरशहादत अंसारी, उमेश बैठा बक्सार अली बाहर से लाया गया कोयला गंतव्य स्थान पर ले जाकर शमीम कोल डिपो के मालिक से सांठ-गांठ कर बेच रहे थे। जेसीबी से काेयला डिपो में अनलोड किया जा रहा था। माना जा रहा है कि यह कोयला लिंकेज का है। धोखाधड़ी कर लिंकेज का कोयला डिपो में बेचने के मामले में दैनिक भास्कर ने पड़ताल की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406, 407, 379, 411, 120-बी, 34 दर्ज की है।