बिलासपुर. ट्रैक्टर की रिकवरी के लिए फाइनेंस कर्मी की सुरक्षा के लिए गए पुलिसकर्मी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर 4 हमलावर ग्रामीणों को पकड़ लिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बरेला की मदन महिंद्रा कंपनी ग्राम अमलडीही के हेमराज सतनामी को तीन माह पहले महिंद्रा 255 डीआई मॉडल का ट्रैक्टर मात्र 21 हजार के डाउन पेमेंट पर फाइनेंस कर दिया। उस ट्रैक्टर का उपयोग हेमराज के चरनीटोला में रहने वाले रिश्तेदार उपयोग में ला रहे थे।
फाइनेंस कंपनी के बार-बार आग्रह के बाद भी ट्रैक्टर का पेमेंट हेमराज नहीं कर रहा था। उक्त ट्रैक्टर गुरुवार को लोरमी आया हुआ था। रात 8 बजे के आसपास लोरमी से लौटते समय सिविल कोर्ट के पास फाइनेंस कर्मी ने उक्त ट्रैक्टर को रोक कर रुपए की मांग की अन्यथा ट्रैक्टर जब्ती की बात कही। इस दौरान फाइनेंस कर्मी, ट्रैक्टर सवार चालक अन्य ग्रामीणों में विवाद हो गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने चरनीटोला के अन्य 10-12 साथियों को बुला लिया। इधर फाइनेंस कर्मी के आवेदन पर पुलिस के 8-10 जवान मौके पर पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर 4 ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। गाली-गलौज कर पुलिस से मारपीट करने लगे।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज किया और चरनीटोला के 4 ग्रामीण 30 वर्षीय शत्रुधन चतुर्वेदी पिता जनकराम, 20 वर्षीय त्रिलोचन पिता जनकराम, 55 वर्षीय जनकराम पिता कार्तिकराम 35 वर्षीय जलेश कुमार पिता कार्तिकराम को गिरफ्तार कर थाने ले आई। उधर मौका देखकर चालक एक अन्य साथी के साथ ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना में प्रधान आरक्षक पुनीत लाल राठिया, आरक्षक हिरासिंह नेताम, थेसज खांडेकर को हाथ पैर कमर में चोंट आई है।
आग से झुलसे युवक की मौत
पथरिया| ग्रामपंचायत भरेवा निवासी 25 वर्षीय कार्तिक राम सिंगरौल ने दोपहर 3 बजे कमरे में खुद पर आग लगा ली। इससे वह झुलस गया। परिजन उसे संजीवनी 108 से सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पथरिया ले गए जहां से उसे बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में उसकी मौत हो गई।