रोड और नाली निर्माण के लिए सीमांकन होगा
डायरियाप्रभावित तालापारा में एकता चौक से भारत चौक तक काॅन्क्रीट रोड और नाली निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए सीमांकन करवाने के निर्देश तहसीलदार को दिए गए हैं। सोमवार को निगम कमिश्नर ने तालापारा क्षेत्र का निरीक्षण किया तो लोगों ने बताया कि उनके दौरे के नाम पर अरसे बाद नालियों की सफाई की गई। कमिश्नर के निर्देश पर तुरंत नालियों से निकाला गया कचरा उठवाने के लिए ट्रैक्टर ट्राली मंगवाई गई। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल यूनिट ने दोपहर तक 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
कमिश्नर के निरीक्षण के दौरान कई जगह पर अव्यवस्थाओं तथा गंदगी के नजारे थे। पंप हाउस क्रमांक 94 में क्षतिग्रस्त टोंटी से लगातार पानी बहता हुआ मिला। वहीं नल के नीचे गंदगी पाई गई, जबकि वहां पर काॅन्क्रीट का चबूतरा बनाया जाना था ताकि लोग साफ पानी भर सकें। तालापारा के तालाब की पचरी के पास कई ट्रक कचरा जमा हुआ मिला। पंप हाउस की हालत देख कर कमिश्नर रानू साहू ने अधीक्षण अभियंता को सभी पंप हाउस की सफाई और पोताई करवाने के निर्देश दिए। तालापारा में काॅन्क्रीट सड़क का प्रस्ताव पहले से स्वीकृत है, परंतु सीवरेज का काम अधूरा होने के कारण सड़क निर्माण कार्य ठप है। वहीं कच्ची नालियों से निकासी हो रही है, जिसके कारण बीमारियों की आंशका बनी हुई है।
डायरिया के नियंत्रण
का दावा किया
कमिश्नररानू साहू ने तालापारा में डायरिया के नियंत्रित होने का दावा किया है। उन्होंने प्रभावित मोहम्मद वसीम, सरीफुन्निशा सहित अन्य मरीजों के घर जाकर उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें पानी उबालकर पीने और शिविर से आवश्यक दवाइयां प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने वार्ड क्र. 44 गणेश नगर में निरीक्षण के दौरान नाले नालियों की साफ सफाई करने सेनेटरी इंस्पेक्टर को निर्देशित किया। वार्ड में निर्माणाधीन पानी टंकी का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश पीएचई को दिए। उन्होंने बंधवापारा का भी निरीक्षण कर उचित सफाई सुनिश्चित कराने कहा।