- Hindi News
- नसबंदी से 13 मौतों पर 98 पेज का शपथ पत्र
नसबंदी से 13 मौतों पर 98 पेज का शपथ-पत्र
पेंडारीके नसबंदी शिविर में हुई मौतों के मामले में राज्य शासन ने न्यायिक आयोग के समक्ष 98 पेज का शपथ-पत्र प्रस्तुत किया है। इसमें घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी, मृत महिलाओं की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, प्रभावित लोगों की जांच रिपोर्ट और दवाइयों की टेस्ट रिपोर्ट शामिल है।
पेंडारी के नेमीचंद जैन हॉस्पिटल में 8 नवंबर को नसबंदी ऑपरेशन शिविर लगाया गया था। इसमें करीब 6 घंटों में 83 महिलाओं का ऑपरेशन करने के साथ ही कुछ घंटों बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। यहां से छुट्टी होने के कुछ घंटों बाद महिलाओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल, सिम्स और अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। तीन-चार दिनों में 13 महिलाओं की मौत हो गई, वहीं कुछ अन्य लोगों की भी इस दौरान मौत हुई। प्रारंभिक जांच के दौरान सिप्रोसिन नामक दवा में जहर होने की जानकारी मिली। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने भी इस बात की पुष्टि की थी। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और सीएमएचओ के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही दवा बनाने वाली कंपनी और सप्लाई करने वाली कंपनी के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सीएम डॉ. रमन सिंह ने जांच के न्यायिक आयोग का गठन करने का आदेश दिया था। रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता झा की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग मामले की जांच कर रहा है। आयोग ने प्रभावित लोगों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। साथ ही राज्य शासन को भी नोटिस जारी किया गया था। राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आशुतोष सिंह कछवाहा ने 98 पेज में शपथ-पत्र पेश किया है।
नसबंदी शिविर घटना की जांच कर रहे न्यायिक आयोग द्वारा शासन का पक्ष रखने के लिए 20 जनवरी की तारीख तय की गई थी। आयोग के सचिव के मुताबिक, इस मामले में अग्रिम कार्रवाई हेतु अगली सुनवाई की तारीख 13 फरवरी तय की गई है।