पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मोका रेस्टोरेंट सील करने गई टीम के साथ विवाद

मोका रेस्टोरेंट सील करने गई टीम के साथ विवाद

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर। पार्किंग के लिए जगह नहीं छोड़ने और अनुमति विरुद्ध निर्माण के मामले में निगम अमले ने बुधवार को दो होटल और एक फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया। लिंक रोड पर मोका रेस्टोरेंट की सीलिंग के दौरान संचालक और निगम अमले के प्रभारी के बीच धक्का-मुक्की नौबत पहुंची। रेस्टोरेंट के संचालक ने कार्रवाई के विरोध में जमकर हंगामा मचाया। बहस और विवाद के बीच आखिरकार रेस्टोरेंट सील कर दिया गया। इसके बाद मामला शांत हो गया।

अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार चल रही निगम अमले की कार्रवाई का बुधवार को तीसरा दिन था। कमिश्नर रानू साहू के निर्देश पर कार्रवाई की शुरुआत दोपहर 3.30 बजे मंगला रोड से की गई। मंगला रोड पर पेसिफिक होटल का निर्माण किया गया है। यहां पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी गई है। पार्किंग का इंतजाम नहीं होने के कारण वाहन होटल के सामने सड़क किनारे खड़े किए गए थे। पेसिफिक होटल प्रशांत पांडे की बताई गई है। संचालक ने होटल के सामने कुछ जगह छोड़ी है, लेकिन वह निर्धारित से कम है।


दुकान का सामान बाहर रखने पर जब्ती की चेतावनी

अमलेने तेलीपारा रोड स्थित अनिल फर्नीचर मार्ट को सील किया। दुकान अनिल अग्रवाल की बताई गई और उसे दो फ्लोर के निर्माण की अनुमति भवन शाखा ने दी है। दुकानदार ने पार्किंग के लिए जगह छोड़ी नहीं, उल्टे दुकान का कुछ सामान बाहर रखा था। पड़ोस के कुछ और दुकानदारों ने सामान बाहर रखा था, जिसे जब्त करने की चेतावनी दी गई तो लोगों ने अपना सामान दुकान के अंदर किया। यही पर सुनील प्लास्टिक ने भी दो फ्लोर की अनुमति लेकर तीन फ्लोर का निर्माण किया है।

लिंक रोड स्थित मोका रेस्टोरेंट में कार्रवाई के दौरान संचालक राम केडिया ने विरोध किया। उसने रेस्टोरेंट सील नहीं करने देने की चुनौती दी। इसके बाद निगम अमले के प्रभारी प्रमिल शर्मा और राम केडिया के बीच जमकर विवाद हुआ। नौबत धक्का-मुक्की तक जा पहुंची। बाद में दोनों ने एक-दूसरे पर धक्का देने के आरोप लगाए। मोका रेस्टोरेंट को दूसरी बार सील किया गया।