बिलासपुर। सरकंडा में रहने वाली बेवा का एटीएम कार्ड बदलकर ठग ने उसके खाते से 38 हजार रुपए निकाल लिए। घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी सरकंडा पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। हद तो यह है कि प्रार्थी ने पुलिस का आधा काम कर दिया है, फिर भी वह ध्यान नहीं दे रही। महिला ने बैंक से सीसी कैमरे की फुटेज लेकर आरोपी की फोटो निकलवाई है। उसे लेकर वह बार-बार थाने का चक्कर काट रही है। पुलिस उसकी कोई मदद नहीं कर रही।
सरकंडा राजस्व काॅलोनी निवासी 30 वर्षीय सुनीता राव पति स्व. वीरेंद्र कुमार लोधीपारा स्थित एक निजी अस्पताल में जाॅब करती हैं। 7 जनवरी की सुबह वह अपने भाई के नाम पर रकम ट्रांसफर करने के लिए अस्पताल के सामने ही एसबीआई के एटीएम बूथ में गई थी। वह रकम ट्रांसफर करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन हो नहीं रहा था। वह
मोबाइल से अपने भाई को यह बता ही रही थी कि बगल में खड़े युवक ने मदद के बहाने उसका कार्ड लेकर अपना कार्ड दे दिया। महिला ने गौर नहीं किया और कार्ड पर्स में डाल अस्पताल चली आई।
करीब 15 मिनट बाद उसके मोबाइल पर 10-10 हजार रुपए विद्ड्रॉ होने के तीन मैसेज आए। यह रकम कोनी के बैंक आॅफ बड़ौदा की एटीएम से निकाली गई थी। महिला ने पर्स में रखा एटीएम कार्ड चेक किया। यह उसके नाम का नहीं था। कार्ड लॅाक करवाने टोल फ्री नंबर पर काॅल किया। एकाउंट नंबर याद नहीं था। वह घर गई। तभी खाते से एक बार फिर आठ हजार रुपए निकल गए। यह ट्रांजक्शन रतनपुर में एसबीआई के एटीएम से हुआ था।
वह सरकंडा थाने गई और पुलिस को बताया। पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के बजाय शिकायत लेकर चलता कर दिया। मदद नहीं मिलने पर वह सरकंडा स्थित एसबीआई गई, जहां उसका खाता है। बैंक अफसरों ने बिना पुलिस के मदद से इनकार किया तो वह फिर से थाने गई। किसी तरह एक सिपाही उसके साथ बैंक आया। सिपाही के कहने पर बैंक अफसर ने एटीएम बूथ से उस दिन की वीडियो फुटेज निकाली। महिला ने इसमें आरोपी की पहचान की और उसकी फोटो प्रिंट करवाई। बैंक आॅफ बड़ौदा से भी कोनी एटीएम बूथ की फुटेज हासिल की। महिला के पास आरोपी की फुटेज फोटो दोनों हैं। इसे लेकर वह लगातार सरकंडा थाने का चक्कर काट रही है।
रतनपुर का तेजराम भी इसी दिन हुआ था ठगी का शिकार
जिसदिन महिला के साथ ठगी हुई, उसी दिन रतनपुर एसबीआई एटीएम से मदनपुर निवासी सिंचाई कर्मचारी तेजराम वाडवे भी ठगी का शिकार हुआ था। इसी युवक ने उसे अपने जाल में फंसाया था। ठग ने उसके खाते से 15 हजार रुपए निकाले। फुटेज देखकर उसने भी आरोपी की पहचान की।
आरोपी एक से अधिक थे। फुटेज में एटीएम बूथ के बाहर कुछ संदिग्ध युवक नजर रहे हैं। सरकंडा, कोनी के बाद रतनपुर एटीएम बूथ से भी रकम निकाली गई। महिला के अनुसार बातचीत के आधार पर वे बाहरी लग रहे थे। 13 14 जनवरी को उसका एटीएम कार्ड तेलंगाना, जिला बारंगल, हनुमान कोड़ा एरिया के एटीएम में उपयोग किया गया। किसी ने इसके जरिए रकम निकालने की कोशिश की, लेकिन लाॅक होने के कारण वह सफल नहीं हुआ। महिला के मोबाइल पर इसका मैसेज आया तो वह फिर थाने गई और पुलिस को बताया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए इतनी पतासाजी काफी नहीं है।