बिलासपुर। नगर निगम में संपत्ति कर की कमजोर वसूली को लेकर नाराज कमिश्नर रानू साहू ने तीन सहायक राजस्व उपनिरीक्षकों को सस्पेंड करने के आदेश दिए। वित्तीय वर्ष समाप्त होने को अब बमुश्किल डेढ़ महीने शेष रह गए हैं। इसके बाद भी निगम के संपत्ति कर विभाग की वसूली एक तिहाई ही हो पाई है। कम वसूली होने के कारण निगम को स्टॉफ के वेतन, बिजली बिलों के भुगतान जैसे आवश्यक खर्च के लिए पैसे की कमी हो गई है। निगम प्रशासन परेशान हो गया है, क्योंकि कम वसूली के चलते कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी और बिजली बिल नहीं जमा करने पर मेन रोड की स्ट्रीट लाइट काटने की नौबत चुकी है।
कमिश्नर रानू साहू ने बुधवार को निगम के सभा कक्ष में राजस्व वसूली के संबंध में उपायुक्त सहित राजस्व अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व उपनिरीक्षकों से वार्डवार वसूली की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान कम वसूली करने के मामले में उन्होंने सहायक राजस्व उप निरीक्षक अब्दुल आजाद, हीरा समारू एवं शिव प्रसाद आगरे को फटकार लगाई और डिप्टी कमिश्नर हिमांशु तिवारी को तीनों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने राजस्व की कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कर्मचारियों को वसूली बढ़ाने कहा तथा कम वसूली पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए। इधर राजस्व विभाग ने लाउड स्पीकर के जरिए नागरिकों से समय पर बकाए कर का भुगतान करने की मुनादी शुरू करा दी है। लोगों को आगाह किया गया है कि 31 मार्च के बाद भुगतान करने पर संपत्ति करदाता से 15 फीसदी अधिभार वसूल किया जाएगा। गौरतलब है कि संपत्ति कर विभाग को मौजूदा वित्त वर्ष के अंतर्गत 16.50 करोड़ की वसूली का टारगेट दिया गया था। अब तक की जानकारी के मुताबिक करीब 5 करोड़ रुपए की वसूली ही की जा सकी है।