फर्जी बैंक अफसर ने निकाले 2.20 लाख
बिलासपुर . युवकने फर्जी बैंक अफसर बनकर व्यवसायी का कोरा चेक लिया और उसके सहारे 2.20 लाख रुपए निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उससे लिखित में शिकायत लेकर चलता कर दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। वैशालीनगर पर साईं पेंट्स हार्डवेयर की दुकान है। प्रताप नारायण सिंह अरविंद सैनी इसके संचालक हैं। 9 सितंबर को उनकी दुकान में एक युवक आया। उसने खुद का नाम जुगल बताते हुए अपना परिचय आईसीआईसी बैंक के सीनियर सेल्स मैनेजर के रूप में दिया। उसने खुद को सीसी लिमिट बनाने के लिए बैंक की ओर से अधिकृत बताया। दुकानदारों ने उस पर भरोसा कर दिया। युवक ने उनका पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अन्य दस्तावेजों की फोटोकाॅपी के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा का कोरा चेक भी ले लिया। संदेह हो, इसके लिए राशि वाले स्थान पर युवक ने जान-बूझकर क्राॅस कर दिया। दूसरे दिन अरविंद सैनी के मोबाइल पर बैंक से 2.20 लाख रुपए निकलने का मैसेज आया। वह बैंक पहुंचा तो पता चला जुगल बानिक नामक व्यक्ति ने राशि निकाली थी। उसने बैंक अफसरों से चेक लेकर देखा। यह वही चेक निकला, जो युवक ले गया था।
प्रताप नारायण ने सिविल लाइन थाने में लिखित में शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने बताया कि बैंक के सीसी कैमरे में युवक की तस्वीर कैद है।