- Hindi News
- शंकराचार्य के शिष्य का गृहमंत्री पर हादसे की साजिश का आरोप
शंकराचार्य के शिष्य का गृहमंत्री पर हादसे की साजिश का आरोप
शंकराचार्यस्वामी स्वरूपानंद के शीर्ष शिष्य ब्रह्मचारी रामानंद ने 14 सितंबर को हुए एक्सीडेंट के लिए गृहमंत्री रामसेवक पैकरा सहित साईं समर्थकों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गृहमंत्री ने धर्म संसद को असंवैधानिक बताया था और वे साईंभक्त भी हैं, इसलिए उन्हें लगता है कि धमतरी में हुए हादसे के पीछे उनका हाथ हो सकता है।
ब्रह्मचारी रामानंद ने कहा कि इस हादसे को सामान्य घटना बताया जा रहा है। क्या शंकराचार्य के साथ हुई घटना सामान्य हो सकती है। राज्य सरकार या गृहमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया। इतनी बड़ी घटना होने के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने थे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना हो। साईं भक्त बौखला गए हैं, पागल हो गए हैं और गंदी हरकतों पर उतर आए हैं। एक्सीडेंट की कोशिश के अलावा आचार्य अजय गौतम को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अगर वे ऐसा कुछ करेंगे तो नागा साधुओं के साथ मिलकर उन्हें सबक सिखाया जाएगा। ब्रह्मचारी रामानंद ने आरोप लगाया, उन्हें लगता है कि एसपी, कलेक्टर गृहमंत्री भी साईं भक्त हैं। गृहमंत्री की ओर से कोई बयान भी नहीं आया। जब जगतगुरु सोमवार की रात को यहां पहुंचे तो पायलट नहीं बदला गया। 11 बजे फोन करने पर मंगलवार की सुबह पायलट चेंज हुआ। राज्य केंद्र सरकार शंकराचार्य की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और अगर फिर ऐसी घटना हुई तो उन्हें दोषी माना जाएगा। गौरतलब कि 14 सितंबर को धमतरी में रात 9.30 बजे शंकराचार्य के वाहन का एक्सीडेंट हो गया था। इसमें शंकराचार्य समेत उनके शिष्य बाल-बाल बचे थे। कुछ शिष्यों को चोटें आई थीं। ड्राइवर और शिष्य घटना के बाद से ही इसे गृहमंत्री साईं भक्तों की साजिश बता रहे हैं। दरअसल, कवर्धा में हुई धर्मसंसद को गृहमंत्री ने असंवैधानिक बताते हुए छत्तीसगढ़ के मंदिरों से साईं की मूर्तियां नहीं हटाए जाने की बात कही थी। तब से वे शंकराचार्य के शिष्य समर्थकों की तीखी प्रतिक्रिया झेल रहे हैं।
मंगलवार की सुबह स्वामी शारदानंद से दीक्षा लेते भक्त।