- Hindi News
- गेटमैन से मार पीट की, टवेरा चालक गिरफ्तार
गेटमैन से मार-पीट की, टवेरा चालक गिरफ्तार
रेलवेक्रासिंग पर पहुंचते ही गेट बंद किए जाने से नाराज टवेरा चालक ने गेटमैन से मार-पीट की। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आरपीएफ का अमला मौके पर पहुंचा और टवेरा चालक को गिरफ्तार कर लिया। गेटमैन का मुलाहिजा करवाने पर उसके चेहरे पर खरोंच की पुष्टि हुई है।
गेटमैन दोपहर एक बजे लालखदान रेलवे फाटक बंद कर रहा था। उसी समय अकलतरा की ओर से एक टवेरा क्रमांक सीजी 11 सी 9397 रही थी। गेट पूरी तरह से बंद नहीं हुआ था। टवेरा चालक ने तेजी से वाहन आगे बढ़ाकर रेलवे फाटक पार करने की कोशिश की। इससे टवेरा फाटक पर अटक गई। इस पर गेटमैन शशिकांत मिश्रा वहां पहुंचा और टवेरा चालक को लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के लिए फटकारा। इस पर टवेरा चालक दुलेश्वर यादव नीचे उतरा और गेटमैन शशिकांत से गाली-गलौज करते हुए कहा कि जब टवेरा फाटक तक पहुंच चुकी थी तो फिर गेट बंद क्यों किया। टवेरा निकलने के बाद फाटक बंद करना था। इस पर दोनों में हाथापाई हो गई और टवेरा चालक दुलेश्वर ने गेटमैन की पिटाई कर दी। गेटमैन ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी तो आरपीएफ का दल लालखदान रेलवे फाटक पर पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद आरपीएफ ने टवेरा चालक को हिरासत में लिया और गेटमैन शशिकांत मिश्रा को मुलाहिजा के लिए अस्पताल भिजवाया। टवेरा चालक को आरपीएफ चौकी लाया गया। टवेरा जब्त कर चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
वाहनों की लगी लंबी कतार
टवेराचालक और गेटमैन के विवाद के चलते लालखदान फाटक लगभग पौन घंटे बंद रहा। इसकी वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। आरपीएफ ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की। इसके बाद फाटक खोला गया। इस बीच रेलवे प्रशासन ने तत्काल दूसरा गेटमैन लालखदान फाटक पर भेजा। उसके पहुंचने के बाद आरपीएफ ने गेट खुलवाया और गेटमैन शशिकांत को अस्पताल भेजा। दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार को व्यवस्थित करने में काफी समय लगा। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।