- Hindi News
- वाहनों से सीधे महामाया मंदिर पहुंचेंगे श्रद्धालु
वाहनों से सीधे महामाया मंदिर पहुंचेंगे श्रद्धालु
भास्कर न्यूज | बिलासपुर/रतनपुर
रतनपुरस्थित महामाया मंदिर से चपोरा की ओर जाने वाली सड़क को ट्रस्ट जल्द ही शासन के हवाले कर देगा, ताकि उसका डामरीकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन हो सके। इसके बनने से वाहनों से आने-वाले श्रद्धालु सीधे मंदिर के करीब पहुंच सकेंगे। कलेक्टर ने एसडीएम को शासन और ट्रस्ट के बीच समन्वय बनाते हुए काम पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कलेक्टर सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने महामाया मंदिर में 25 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्र की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा करते हुए किसी भी तरह की बदइंतजामी बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। उन्होंने यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को नियंत्रित करने के लिए मंदिर से लेकर बाईपास मार्ग तक 5-6 जगहों पर खाली ड्रम और स्टाॅपर रखने के लिए कहा। मंदिर के मुख्य गेट से अंदर की ओर आने वाले मार्ग पर लाइनिंग करने करने और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की सामग्री जब्त करने कहा। वाहनों से मंदिर में जाने वाले लोगों को चपोरा जाने वाली सड़क की तरफ से प्रवेश दिया जाता है। उस मार्ग की मरम्मत करने के निर्देश पीडब्लूडी के अधिकारियों को दिए गए। दरअसल मार्ग ट्रस्ट की है जिसे शासन के सुपुर्द करने की मंशा जाहिर की गई। कलेक्टर ने एसडीएम को जरूरी प्रक्रिया पूरी करवाने और समन्वय बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग जब शासन को हैंडओवर होने पर डामरीकरण कर पक्की सड़क बनाई जा सकेगी। उन्होंने नगर पंचायत को इस मार्ग पर प्रकाश के इंतजाम करने के लिए कहा। बिजली विभाग के अधिकारियों को मार्ग पर स्थाई खंबे लगाने के निर्देश दिए। नवरात्र के मद्देनजर कलेक्टर ने खाद्य पदार्थों की जांच करने, एंबुलेंस 108 मंदिर परिसर में रखने और फायर ब्रिगेड के इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस बैठक में एसपी बद्रीनारायण मीणा, एडीएम नीलकंठ टेकाम समेत प्रशासन के आला अफसर और मैनेजिंग ट्रस्टी सुनील सोंथलिया, नगर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम रात्रे समेत रतनपुर के नागरिक मौजूद थे।