लापरवाही किसी और की भुगत रहा शिक्षक
सूचनाके अधिकार के तहत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर से मांगी गई जानकारी में कार्यालय की लापरवाही उजागर हुई है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर में पदस्थ स्थापना खंड-2 के प्रभारी ने गलती स्वीकार करते हुए जानकारी दी है कि कार्यालयीन पत्र क्र. 4236 बिलासपुर 12 जुलाई पत्र क्र. 1208 के तहत 19 फरवरी के द्वारा शिक्षक संवर्ग से व्याख्याता पद पर पदोन्नत प्रस्ताव गणित विषय में 31 दिसंबर 2012 तक वरिष्ठता रखने वालेे शिक्षकों का मंगाया गया था। संबंधित शिक्षक शंकर लाल कैवर्त्य का पदोन्नत प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर में प्राप्त नहीं होने की वजह से उसे संचालनालय नहीं भेजा जा सका। इसी कारण शंकर लाल कैवर्त उच्च वर्ग शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मिटठू नवागांव आज तक पदोन्नति से वंचित है। जबकि अन्य शिक्षक पदोन्नति पा चुके हैं। पदोन्नति नहीं मिलने से शिक्षक आर्थिक परेशानी के साथ मानसिक रूप से परेशान है। शाला में भी शिक्षक को प्रभार नहीं मिल रहा है। उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बिलासपुर, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोटा प्रभारी प्राचार्य छत्रपाल सिंह को नोटिस भेजा है। इसमें शंकर लाल कैवर्त पिता भकलू राम को वरिष्ठता देते हुए पदोन्नति वेतनमान देने की मांग की गई है। कैवर्त की योग्यता एमएससी गणित बीएड की है। आरडी शर्मा ने नोटिस में कहा है कि मेरे पक्षकार के साथ भेदभाव कर उससे कनिष्ठ को विद्यालय का प्रभार दिया गया है। शर्मा ने इस प्रकार के भेदभाव पूर्वक प्रशासकीय नियमों के खिलाफ कार्रवाई हेतु जांच के लिए नोटिस भेजा है।