- Hindi News
- स्कूल से लौट रही छात्रा को हाईवा ने रौंदा, सहेली घायल
स्कूल से लौट रही छात्रा को हाईवा ने रौंदा, सहेली घायल
बिलासपुर. बिल्हासे डेढ़ किमी दूर केसला के पास गिट्टी से भरे एक हाईवा ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ रही सहेली घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद भीड़ ने चक्काजाम कर दिया। वे मुआवजा देने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे।
धौंराभाठा के हरप्रसाद यादव की 18 वर्षीय बेटी विराजमणि यादव बिल्हा के गर्ल्स स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। शनिवार दोपहर छुट्टी के बाद वह सहेली पूजा साहू के साथ घर के लिए निकली। दोनों अलग-अलग साइकिलों पर थे। केसला के पास सामने से रहे हाईवा क्रमांक ओआर 01- 3990 ने दोनों को टक्कर मार दी। पूजा दूर छिटककर जा गिरी तो विराजमणि पहियों की चपेट में आकर दूर तक घिसटती चली गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने मोहदा निवासी हाईवा ड्राइवर मनीराम यादव को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची बिल्हा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद भीड़ ने चक्काजाम कर दिया। हाईवा को जलाने की कोशिश की गई। मुआवजा देने ब्रेकर बनाने के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
उनका कहना था कि तेज रफ्तार वाहनों से इस जगह पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। भीड़ ने घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, साथ ही छात्रा के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही। बिल्हा तहसीलदार और एसडीएम के अलावा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तात्कालिक मुआवजे के तौर पर 25 हजार रुपए देने और जल्द ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उग्र भीड़ शांत हुई और चक्काजाम खत्म किया गया।