बिलासपुर. मंगलवार के बाद बुधवार को भी एआईसीसी के दिल्ली स्थित दफ्तर में प्रदेश में नगर निगम मेयर के अलावा नगर पालिका नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय महासचिव बीके हरिप्रसाद पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री चरणदास महंत मौजूद नहीं थे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, भक्त चरण दास, मोतीलाल वोरा सहित सभी बड़े नेता मौजूद रहे। रायपुर, बस्तर सरगुजा संभाग की सीटों पर चर्चा के बाद बिलासपुर संभाग की सीटों को भी शाॅर्ट लिस्ट किया गया। बिलासपुर में बघेल गुट से पूर्व पार्षद रामशरण यादव तो जोगी गुट से वाणी राव का नाम आगे किया गया। डाॅ. ब्रदी जायसवाल के नाम पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि बैठक में उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए गए हैं और गुरुवार को सभी नेता रायपुर लौट आएंगे। दूसरे दिन की मीटिंग में जोगी की खामोशी भी चर्चा में रही। भाजपा में टिकटों की घोषणा 12 दिसंबर को रायपुर स्थित पार्टी कार्यालय से की जाएगी। कहा जा रहा है कि इसके बाद ही कांग्रेस पत्ते खोलेगी। नगर निगम के 66 में से 40 वार्डों में सिंगल उम्मीदवारों के नाम हैं जबकि 26 में एक से ज्यादा कैंडिडेट हैं।