पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों तक मुफ्त में राहत सामग्री पहुंचाएगी रेलवे

जम्मू-कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों तक मुफ्त में राहत सामग्री पहुंचाएगी रेलवे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रेलमंत्रालय ने बाढ़ पीड़ितों तक मुफ्त में राहत सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सभी जोन मुख्यालयों को आदेश जारी कर इसका पालन करने के लिए कहा गया है। साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे (एसईसीआर) ने प्रदेश सरकार द्वारा भेजे जा रहे चावल का पूरा रैक सोमवार को जम्मू-कश्मीर रवाना किया। अन्य राहत सामग्री पार्सल यान के जरिए भेजी जाएगी।

रेलवे बोर्ड से आज एक आदेश जोनल मुख्यालय पहुंचा। इस आदेश में स्पष्ट है कि जम्मू-कश्मीर में बाढ़ के हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। ऐसे में देशभर से राहत सामग्री वहां पर भेजी जा रही है। इसमें चावल, दाल, शक्कर, दवाइयां, कपड़े आदि शामिल हैं। इसके लिए रेलवे ने व्यवस्था दी है कि जम्मू-कश्मीर के लिए जो भी राहत सामग्री भेजी जाएगी, रेलवे उसका कोई शुल्क नहीं लेगा। राहत सामग्री तत्काल वहां के लिए रवाना की जाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने एक रैक चावल जम्मू-कश्मीर भेजा है। यह रैक रायपुर से रवाना हुई है। इस रैक का कोई भी शुल्क रेलवे नहीं लेगी। इसके अलावा जहां से जो भी राहत सामग्री कलेक्टर या जिला प्रशासन के जरिए रेलवे को उपलब्ध कराई जाएगी, उसे तत्काल जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। इसमें पानी की बोतलें और बड़ी कैन भी शामिल हैं।