- Hindi News
- ओडिशा से ला रहे थे 10 किलो गांजा, दो युवक पकड़े गए
ओडिशा से ला रहे थे 10 किलो गांजा, दो युवक पकड़े गए
ओडिशासे गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे दो युवकों को जीआरपी ने पकड़कर उनके पास से 10 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत 40 हजार रुपए आंकी गई है। दोनों के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जीआरपी को सुबह सूचना मिली कि दो युवक ओडिशा की ओर से आने वाली ट्रेन से बिलासपुर पहुंचे हैं। उनके पास दाे बैग में गांजा है। दोनों युवक मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और ट्रेन बदलकर मध्यप्रदेश जाएंगे। मुखबिर ने जिस तरह का हुलिया बताया था उसके अनुसार प्लेटफाॅर्म में तलाश शुरू की गई। दोनों युवकों के मध्यप्रदेश जाने की खबर थी इसलिए उनके कटनी लाइन प्लेटफाॅर्म में होने की संभावना ज्यादा नजर रही थी। जीआरपी के इंस्पेक्टर और जवान सुबह 9.30 बजे के लगभग कटनी लाइन प्लेटफार्म की ओर गए। प्लेटफाॅर्म नंबर 7 8 में दो युवक दिखाई पड़े उनके पास वैसा ही बैग था जैसा मुखबिर ने बताया था। जीआरपी जवानों ने उनके पूछताछ की तो दोनों ने ट्रेन का इंतजार करने की बात कही। इस पर उनके बैग की तलाशी ली गई। बैग में प्लास्टिक के पैकेट दिखाई दिए। इस पर दोनों को पकड़कर थाने लाया गया। अनिल विश्वकर्मा केशव रजक ग्राम बसारी थाना गढ़ कोटा जिला सागर के बैग से 10 किलो गांजा निकला।
दोनों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20 बी के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।