- Hindi News
- सामूहिक नकल: बीएस पोर्ते काॅलेज की परीक्षा निरस्त
सामूहिक नकल: बीएस पोर्ते काॅलेज की परीक्षा निरस्त
बिलासपुरयूनिवर्सिटी ने बीएस पोर्ते आदिवासी कॉलेज धरमजयगढ़ के मुराबाजार में सामूहिक नकल के चलते इस साल हुई भूगोल बीए सेकेंड ईयर के दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त कर दी। यूनिवर्सिटी ने यहां का प्राइवेट परीक्षा केंद्र भी आगामी आदेश तक निरस्त कर दिया है। यह निर्णय यूनिवर्सिटी की कार्यपरिषद् में लिया गया था। यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जीडी शर्मा ने खुद कॉलेज का निरीक्षण किया था। इस दौरान स्टूडेंट सामूहिक नकल करते हुए पाए गए थे।
मुराबाजार के बीएस पोर्ते कॉलेज पर दूसरी बार गाज गिरी है। इसके पहले जब यह कॉलेज गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी से संबद्ध था, तब भी इसकी संबद्धता समाप्त कर दी गई थी। इसकी वजह परिनियम 28 में एक भी नियुक्ति नहीं होना बताया गया था। इसके अलावा काॅलेज प्रबंधन ने खर्च का ब्योरा भी नहीं दिया था। बिलासपुर यूनिवर्सिटी ने कॉलेज पर बड़ी कार्रवाई की है। कुछ समय पहले कार्यपरिषद् में इस पर फैसला लिया गया। इस कॉलेज को रेगुलर परीक्षा के लिए सेंटर भी बनाया गया है। अगर बीयू को रेगुलर परीक्षा के लिए इस परीक्षा केंद्र का विकल्प मिलता है तो यहां का परीक्षा केंद्र भी समाप्त हो जाएगा।
तब संबद्धता खत्म कर दी गई थी
गौरतलबहै कि पूर्व में गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी ने गड़बड़ियों पर कॉलेज को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और पक्ष रखने का पर्याप्त मौका दिया था। इसके बाद भी काॅलेज संचालक मौके पर उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद एकतरफा कार्रवाई करते हुए जीजीयू ने काॅलेज की संबद्धता समाप्त कर दी थी।