- Hindi News
- राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम फहरा चुकी है सृष्टि
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम फहरा चुकी है सृष्टि
तखतपुरकी सृष्टि शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली टेनिस बाॅल क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को तीन बार गोल्ड मेडल एक बार सिल्वर मेडल मिल चुका है। वह एकमात्र खिलाड़ी है जिसने पांच बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है।
सृष्टि शर्मा तखतपुर निवासी ग्राम केशरवाडीह स्कूल में प्रधान पाठक अरविंद शर्मा की पुत्री हैं। सृष्टि का जन्म 6 मई 1998 को हुआ। पांच साल की सृष्टि काे घर के पास स्थित नवजागृति स्कूल में भर्ती कराया गया। स्कूल से छुट्टी के बाद वह पास के ही मैदान में बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने चली जाती थी। जल्दी ही क्रिकेट उसका पसंदीदा खेल बन गया। इसके बाद 2010-11 में तखतपुर में हुए संकुल स्तरीय खेल में उसने टेनिस बाॅल क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लिया। यहां उसके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर उसे मैन ऑफ-द-टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। इस प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन बिलासपुर में होने वाली जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुअा। यहां भी उसने अपने प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया। तब उसका चयन भिलाई में होने वाली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए किया गया। यहां भी उसने अपनी टीम को जीत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सृष्टि के प्रदर्शन को देखते हुए उसका चयन छत्तीसगढ़ टेनिस बाॅल क्रिकेट टीम में हो गया। इसके बाद उसे भिलाई में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद वह छत्तीसगढ़ की ओर से अन्य राज्यों में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में शामिल हुई। इसके लिए उसे कई बार पुरस्कृत भी किया गया।
पांच बार नेशनल टीम में चयन
सृष्टि 5 बार नेशनल टेनिस क्रिकेट बाॅल प्रतियोगिता में चयनित हो चुकी है। उसने छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 2011-12, 2012-13 2013-14 में कन्याकुमारी, चेन्नई, गोरखपुर उत्तरप्रदेश, काशीनगर सतारा महाराष्ट्र में हुई नेशनल टेनिस बाॅल क्रिकेट प्रतियोगिता में टीम का प्रतिनिधित्व किया। इनमें से 4 बार छत्तीसगढ़ को सृृष्टि के प्रतिनिधित्व में पुरस्कार मिला है। उसे छत्तीसगढ़ खेल युवा समिति 15 अगस्त को पुरस्कृत करेगी।
खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी अव्वल
सृष्टिखेल के साथ ही पढ़ाई में अव्वल रही है। 5वीं में उसने 88 प्रतिशत के साथ तखतपुर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। 10वीं में उसे 78 प्रतिशत अंक मिले। गौरतलब है कि सृष्टि एकमात्र खिलाड़ी है जिसे बिलासपुर जिले से लगातार पांच बार छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोशिएशन का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। उसके परिवार में चार सदस्य हैं। पिता अरविंद शर्मा, मां सविता शर्मा बड़ी बहन अंजली शर्मा है। उसकी बड़ी बहन इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद पीएससी की तैयारी कर रही है। इस समय वह 12वीं की छात्रा है और आगे चलकर वह एयर फोर्स ज्वाइन करना चाहती है। सृष्टि ने अपनी पढ़ाई खेल में मिली सफलता का श्रेय अपने परिजनों को दिया है।