- Hindi News
- निगम के अमले ने सड़कों से जब्त की 15 बाइक
निगम के अमले ने सड़कों से जब्त की 15 बाइक
सड़कपर ट्रैफिक सुचारू करने के लिए चल रही कवायद का तात्कालिक असर देखा गया। सदर बाजार, गोल बाजार से दिन भर में निगम अमले ने दो-दो बार दुकान का सामान बाहर रखने वालों को चेतावनियां दीं और ठेलों को हटवाया। सड़क पर दुकान लगाने वालों को भी आगाह किया गया है कि गुरुवार से सीधे जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। निगम अमले ने बुधवार को जिला अस्पताल, पुराने बस स्टैंड के पास से अवैध रूप से पार्क किए गए 15 बाइक जब्त कर ट्रैफिक पुलिस के हवाले किया।
वाहन जब्ती की कार्रवाई आज अपेक्षाकृत ढीली रही। निगम अमले का निर्देशन कर रहे बिल्डिंग सेक्शन, जोन प्रभारी और बाजार प्रभारी ने दुकानदारों को अपना सामान दुकान के अंदर रखने की समझाइश देने में वक्त बिताया। ट्रैफिक की परेशानियां हल करने के लिए सड़क पर खड़े दर्जनों ठेलों को हटवाया। दोपहर बाद निगम के जोन प्रभारी पीके पंचायती, बिल्डिंग अफसर व्हीके खेत्रपाल, बाजार प्रभारी अनिल सिंह ने गोल बाजार, सदर बाजार और बिलासा चौक के उन स्थान तथा दुकानदारों का जायजा लिया, जहां दुकान का सामान बाहर रखने तथा सड़क पर वाहन पार्क करने के कारण ट्रैफिक रुकता है और जाम की नौबत आती है। दोबारा लगाई गई दुकान, ठेलों को पुन: हटवाते हुए जब्ती की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
हटाने वालों को वैकल्पिक जगह दें, तब कारगर होगी कार्रवाई
नगर िनगम अमले बुधवार को जब्त मोटरसाइिकलों को काऊकैचर में कुछ इस तरह ढोया।
सड़क किनारे दुकान, ठेले लगाने वालों के कारण दुकानदार अपना सामान काउंटर आदि बाहर लगाने लगे हैं। यह जानते हुए कि इस प्रवृत्ति के कारण रोड पर वाहन तथा पैदल चलने वालों के लिए जगह की कमी पड़ती है। इससे जाम लगता है। सड़कों की असल समस्या फुटपाथी दुकान, ठेले हैं, जिन्हें वैकल्पिक जगह देकर समस्या हल की जा सकती है। वैकल्पिक जगह देने या वेंडर पाॅलिसी लागू नहीं होने के कारण दुकानदार निगम अमले के हटते ही फिर दुकान लगा लेते हैं। ऐसे लोगों को स्थाई जगह उपलब्ध कराई जाएगी, तो वे दोबारा सड़क किनारे दुकान लगाने से बाज आएंगे। अन्यथा निगम अमले के साथ उनकी लुका-छिपी का खेल चलता रहेगा।