- Hindi News
- डायरिया का एक और मरीज मिला, गंदे तालाब की सफाई के निर्देश
डायरिया का एक और मरीज मिला, गंदे तालाब की सफाई के निर्देश
बिलासपुर| तालापारामें डायरिया का प्रकोप होने और निरंतर मरीज मिलने के बाद निगम प्रशासन ने सहूलियतों के नाम पर पिछड़े इस मोहल्ले की पूछ परख बढ़ा दी है। निगम कमिश्नर ने बुधवार को फिर तालापारा तालाब का जायजा लेकर गंदे तालाब की पचरी की सफाई करवाने और कचरा इकट्ठा करने के लिए कंटेनर रखने के निर्देश दिए। निगम के हैल्थ कैंप में डायरिया का एक और मरीज मिला। इससे पहले तालापारा में आठ मरीज मिल चुके हैं। निगम कमिश्नर रानू साहू ने वार्ड-12 तालापारा मिनीमाता नगर आस-पास के क्षेत्रों तथा स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य निरीक्षक ठेकेदार को तालापारा में सफाई कराने के साथ ब्लीचिंग पावडर डालने तालाब के किनारे कचरा फेंकने हेतु एक कंटेनर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंंने नाले, नालियों की सफाई के बाद मलबा तत्काल उठवाने पर जोर दिया। निगम के सफाई स्वास्थ्य विभाग द्वारा पांच जगहों पर लगाए गए शिविरों में 209 मरीजों के उपचार का दावा किया गया है। इनमें वार्ड-12 तालापारा मिनी माता नगर में 30 मरीजों का उपचार किया गया। इसी प्रकार वार्ड-8 गुरु घासीदास नगर में 49 मरीजों का, वार्ड-45 लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा में 53 मरीज और वार्ड-36 टिकरापारा कंसा चौक के पास 40 मरीज और वार्ड-54 सतबहिनिया मंदिर बंधवापारा में 41 मरीजों का इलाज कर उन्हें मुफ्त दवाइयां दी गईं।
आज इन वार्डों में लगेंगे हैल्थ कैंप
हैल्थ आॅफिसर डाॅ. ओंकार शर्मा ने बताया कि गुरुवार को पांच स्थानों पर हैल्थ कैंप लगाए जाएंगे। इनमें मिनीमाता नगर शिव मंदिर तालापारा, बलिहारी चौक बंधवापारा, रामायण चौक चांटीडीह, प्रभात चौक चिंगराजपारा टिकरापारा में यादव मोहल्ला शामिल हैं।