- Hindi News
- मालगाड़ी के सामने लेट गया ड्रामेबाज शराबी
मालगाड़ी के सामने लेट गया ड्रामेबाज शराबी
चुचुहियापारारेलवे फाटक पर बुधवार की शाम एक अजीब सा नजारा लोगों को देखने मिला। एक शराबी की शरारत ने मालगाड़ी के पायलट और असिस्टेंट पायलट को परेशान किया। नशे में धुत यह शराबी मालगाड़ी के सामने लेट गया। भरपूर ड्रामे के बाद आखिरकार आस-पास के लोगों ने हस्तक्षेप कर शराबी को पटरी से हटाया, तब ट्रेन आगे बढ़ सकी। उसे हटाने के लिए ट्रेन के असिस्टेंट ड्राइवर को भी उतरना पड़ा।
शाम 5.30 बजे के लगभग बिलासपुर रेलवे स्टेशन से एक मालगाड़ी रायगढ़ की ओर रवाना हुई। ट्रेन छूटने के बाद चुचुहियापारा रेलवे क्राॅसिंग के पास पहुंची ही थी कि एक शराबी ने शरारत शुरू कर दी। शराब दुकान के पास खड़ा यह शराबी ट्रेन को आता देखकर पटरियों के बीच खड़ा हो गया। ट्राइवर ने हाॅर्न बजाया तो वह घूरकर देखने लगा। इंजन थोड़ा करीब पहुंचा तो शराबी पटरियों पर लेट गया। यह नजारा आस-पास खड़े लोग देख रहे थे। कुछ लोगों ने उसे आवाज भी लगाई और भगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, इसलिए पायलट ने ट्रेन रोक दी। उसके असिस्टेंट पायलट ने पहले तो शराबी को इंजन से ही आवाज देकर भगाने की कोशिश की, तब भी वह टस से मस नहीं हुआ। असिस्टेंट पायलट ने नीचे उतरकर उसे पटरी से हटाकर ट्रेन को आगे बढ़ाने के संकेत दिए और खुद इंजन पर चढ़ने लगा। इस बीच शराबी फिर से पटरी पर लेट गया। असिस्टेंट पायलट दोबारा नीचे उतरा और उसे पकड़कर रखा। इसके बाद पायलट ने ट्रेन आगे बढ़ाई। असिस्टेंट पायलट चढ़ने लगा तो फिर से शराबी शरारत करने के लिए पटरियों की ओर दौड़ा। तब आस-पास के नागरिकों ने शराबी को पकड़कर पटरियों से दूर किया और ट्रेन वहां से निकल सकी।
ड्रामा देखने जुटी रही भीड़
चुचुहियापारा फाटक व्यस्त मार्ग में है। ड्रामेबाज शराबी की हरकत देख वहां तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। करीब 20 मिनट तक उसकी हरकतें जारी रहीं। ट्रेन आगे बढ़ने के बाद भीड़ छंटी।