अग्रिम जमानत अर्जी पर आज होगी सुनवाई
पुलिस रिकॉर्ड में फरार हैं दोनों कर्मचारी
पुलिसको शुरुआती जांच में आरोप सही मिले। इसके बाद पुलिस शनिवार से उनके घर जा रही है, लेकिन दोनों घर पर नहीं मिले। पुलिस ने कुछ और जगह उनकी तलाश की। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों शहर से बाहर चले गए हैं।
भास्कर न्यूज | बिलासपुर
महिलाकर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोपी सेक्शन ऑफिसर और सहायक ग्रेड-टू की अग्रिम जमानत अर्जी पर सेशन कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। कर्मचारी ने दोनों के खिलाफ चकरभाठा थाने में मामला दर्ज करवाया है। आईपीसी की धारा 354क के तहत जुर्म दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। फिलहाल वे फरार चल रहे हैं।
हाईकोर्ट के ज्यूडिशियल डिपॉर्टमेंट में पदस्थ सेक्शन ऑफिसर एसआर नायडू और सहायक ग्रेड-टू अरुणेंद्र शर्मा के खिलाफ उसी दफ्तर में कार्यरत महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। दोनों सालभर से छेड़खानी करने के साथ उसे अश्लील मैसेज भेज रहे थे। महिला परेशान थी। कई बार मना करने पर भी नहीं माने तो उसने अपने घरवालों को जानकारी दी। परिजनों ने भी उन्हें समझाइश दी, बावजूद इसके उन्होंने परेशान करना नहीं छोड़ा। इसके बाद महिला के परिजनों ने हाईकोर्ट कैंपस में ही दोनों कर्मचारियों की पिटाई कर दी थी। हालात नहीं सुधरे तो परेशान महिला कर्मचारी इस्तीफा सौंप कर चली गई। इसमें उसने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 26 सितंबर को महिला चकरभाठा थाने पहुंची और पुलिस को 30 पन्नों का शिकायती पत्र सौंपा। इसके आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 354क के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी लगाई है। कोर्ट ने केस डायरी तलब की है। कोर्ट ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमडी कातुलकर की अदालत में मंगलवार को सुनवाई हो सकती है।