- Hindi News
- छह बटेर और भरमार बंदूक के साथ पकड़ा गया शिकारी
छह बटेर और भरमार बंदूक के साथ पकड़ा गया शिकारी
बिलासपुर वन परिक्षेत्र के खम्हरिया में एक शिकारी को छह बटेर पक्षी और भरमार बंदूक के साथ पकड़ा गया। आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। शिकारी से जब्त सभी बटेर पक्षियों को कानन पेंडारी स्मॉल जू को सौंप दिया गया है।
शुक्रवार को रेलवे क्षेत्र का संतोष नायडू खम्हरिया (तखतपुर) गया था, जहां उसने एक शिकारी को बंदूक के साथ देखा। शिकारी से उसने भरमार बंदूक और पक्षी अपने कब्जे में ले लिया। नेचर क्लब के मंसूर खान ने बताया कि शिकारी के बारे में सूचना मिलते ही इसकी जानकारी डीएफओ एसपी मसीह को दी गई और आरोपी को पकड़ने तक सूचना को गुप्त रखने के लिए कहा गया। तखतपुर के पेंड्री के रहने वाले आरोपी मनोज कुमार पिता फागूराम को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को 20 फरवरी तक के लिए रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत बटेर को पकड़ने, परिवहन या बिक्री पर एक से तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।