बिलासपुर. हाईकोर्ट ने वन सचिव, पीसीसीएफ समेत अन्य को अवमानना नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दंतेवाड़ा के नेवसर में पदस्थ रेंजर ललित कुमार दुबे का तबादला 14 जुलाई 2014 को बीजापुर किया गया। आदेश के बाद उन्हें रिलीव कर दिया गया, इसके खिलाफ दुबे ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। हाईकोर्ट ने तबादले पर रोक लगा दी। इस बीच उनकी जगह नए रेंजर आरआर कश्यप ने ज्वॉइन कर लिया। हाईकोर्ट के आदेश की कापी 20 अगस्त 2014 को वन सचिव, पीसीसीएफ और उनकी जगह ज्वॉइन करने वाले रेंजर को दी गई। इसके बाद भी दुबे को दोबारा ज्वॉइन नहीं करवाया गया। इस पर उन्होंने अधिवक्ता प्रतीक शर्मा के जरिए अवमानना याचिका लगाई। हाईकोर्ट ने वन सचिव आरपी मंडल, पीसीसीएफ डॉ. रामप्रकाश और रेंजर आरआर कश्यप को अवमानना नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है।