- Hindi News
- संडे भी खुली रखनी होगी गैस एजेंसी, कैश सब्सिडी फाॅर्म जमा कर सकेंगे
संडे भी खुली रखनी होगी गैस एजेंसी, कैश सब्सिडी फाॅर्म जमा कर सकेंगे
अब रविवार के अलावा अन्य छुट्टी के दिनों में भी तीनों कंपनियों की गैस एजेंसियां खुली रहेंगी। एमडीबीटीएल फाॅर्म लेने और जमा करने के लिए एजेंसियों में लग रही भीड़ के मद्देनजर कंपनियों ने यह निर्णय लिया है। हालांकि एजेंसियों के लिए यह आसान नहीं होगा, लेकिन उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए उन्हें निर्देश का पालन करना ही होगा।
1 जनवरी 2015 से घरेलू गैस सिलेंडर मार्केट रेट पर मिलेगा। इसके पहले आपने गैस कनेक्शन एकाउंट नंबर से लिंक करवा लिया है तो कैश सब्सिडी की रकम सीधे आपके खाते में जमा होगी। इसके लिए एलपीजी उपभोक्ताओं को मॉडिफाइड डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर फॉर एलपीजी (एमडीबीटीएल) स्कीम फॉर्म बैंक एजेंसी में जमा करवाना होगा। देश के 11 राज्यों के 54 जिलों में 15 नवंबर से योजना पायलट प्रोजेक्ट के बतौर शुरू हो चुकी है, लेकिन छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में इसकी शुरुआत 1 जनवरी से होगी। योजना का लाभ लेने इन दिनों एजेंसियों में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। वे फाॅर्म भरकर जमा कर रहे हैं। इधर, अभी भी डेढ़ लाख में से सिर्फ 40 हजार उपभोक्ताओं ने फाॅर्म लिए हैं और जमा करने वालों की संख्या इससे आधी यानी करीब 20 हजार है। इससे कंपनी के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। वे चाहते हैं कि जल्द से जल्द सभी उपभोक्ता फाॅर्म जमा कर अपना आधार या एकाउंट नंबर एलपीजी नंबर से लिंक करवा लें, ताकि नए साल से उन्हें स्कीम का लाभ मिलने लगे। इसी उद्देश्य से इंडेन, एचपी और भारत कंपनी ने मोबाइल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की है। अब अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स को रोज एजेंसी खुली रखने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उनके मोबाइल पर कंपनी की ओर से मैसेज ई-मेल पहुंच चुका है।
31 दिसंबर तक फाॅर्म जमा करने पर जनवरी से खाते में जमा होगी सब्सिडी की रकम