ट्रेन का किराया भी बताएगा 139 मार्च अंत तक शुरू करने की तैयारी
रायपुर| रेलवे का 139 नंबर जो अब तक आरक्षण की स्थिति या ट्रेन का टाइम वगैरह बताता है, संभवत: अगले महीने से ट्रेन का किराया भी बताने लगेगा। रेलवे अपनी इस सेवा में ऐसा अपग्रेडेशन कर रहा है कि यात्रियों को जहां से जहां तक जाना हो, 139 में उन स्टेशनों का नाम टाइप करने और श्रेणी का ब्योरा देने के कुछ देर बाद किराए की जानकारी मिल जाएगी। जोन के मुख्य महाप्रबंधक (सीसीएम) बीएस मीणा के मुताबिक यह सेवा मार्च के अंत तक शुरू करने की तैयारी है।
अब तक किराए की जानकारी इंडियन रेलवे या आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ली जाती है, या फिर यात्रियों को उसी समय किराया पता चलता है, जब वे बुकिंग करवाने के लिए पहुंचते हैं। इसमें कई बार यात्रियों को दिक्कत भी होती है, इसलिए उन्हीं की मांग पर 139 पर किराया बताने की सुविधा शुरू की जा रही है। अब तक 139 नंबर ट्रेनों की इंक्वायरी और टिकट कन्फर्मेशन के लिए ही इस्तेमाल होता रहा है। रायपुर और बिलासपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट वेंडिंग मशीन लगाने की तैयारी है। इसके लिए बोर्ड से जोन को बजट मिल गया है। इसके लगने से यात्री टिकट काउंटर जाए बिना ही मशीन से टिकट ले सकेंगे। सहुलियत के हिसाब से वे इसमें कार्ड डालकर या नगद भुगतान कर सकेंगे।