दर्जनभर घरों में नलों से आ रहे कीड़े
कुदुदंड के करीब एक दर्जन घरों में मंगलवार को नलों के पानी के साथ कीड़े आ गए। मोहल्लेवासियों की सूचना पहुंची नगर निगम की टीम ने जायजा लिया। हालांकि उन्होंने इसका कारण तो नहीं बताया, लेकिन मोहल्लेवासियों की मानें तो कुछ जगहों पर पाइप लाइन लीकेज होने के कारण ही पानी के साथ कीड़े आ रहे हैं।
कुदुदंड में माता चौरा के आगे पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास करीब एक दर्जन घरों में लोगों के घरों में नलों से पानी के साथ कीड़े भी आ रहे हैं। यहां के लोगों को पिछले तीन-चार दिनों से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह कीड़े अधिक आने पर लोगों ने अपने वार्ड पार्षद को इसकी जानकारी दी, लेकिन वे भी समय पर नहीं पहुंचे। दोपहर में इसकी सूचना निगम के अधिकारियों को मिली, पर उन्होंने शाम को टीम भेजी। टीम मौका-मुआयना कर लौट गई। कोई और विकल्प नहीं होने के कारण मजबूरी में लोेग यहां का पानी पीने को मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि दो से तीन जगहों पर पाइप लीकेज होने के कारण यह समस्या आ रही है।
जानकारी मिलने पर टीम भेजी गई
कुदुदंड के कुछ घरों में नलों से पानी के साथ कीड़े निकलने की शिकायत मिली थी। शाम को सप्लाई के वक्त टीम भेजी गई। हमें पाइप लाइन लीकेज होने की जानकारी नहीं मिली है।’’ अजय श्रीनिवासन, प्रधान सहायक अभियंता, ननि
बरसात में और गहरा जाएगी समस्या
गर्मी में पाइप लाइन लीकेज होने से प्रभावित इलाकों के लोग तो परेशान होंगे ही, बरसात में समस्या और भी ज्यादा गहराएगी। गर्मी में जहां लीकेज होने से पानी ही घरों में नहीं पहुंचेगा, वहीं बरसात में पानी और भी प्रदूषित होने की समस्या बढ़ेगी।